राष्ट्रीय

परिसीमन-महिला आरक्षण पर कैसे पलटी सियासी तस्वीर?: शर्त तो महज बहाना, सत्ता में भागीदारी की चाह ने बदले समीकरण

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों का असर परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर दिखाई देने लगा है। खबर के मुताबिक, पहले विरोध कर रहे द्रमुक, एनसीपी (एसपी) और अकाली दल जैसे दल अब सरकार के प्रस्ताव पर सहमत हो गए हैं।

इसी साल मई में आए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे से बदली सियासी तस्वीर ने परिसीमन व महिला आरक्षण विधेयक पर सियासी बाजी पलट दी। चुनाव की घोषणा से नतीजे आने के बाद जहां चार दल टूट के शिकार हुए तो इतने ही दलों के रुख में अचानक आए बदलाव ने सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अब समर्थन के एवज में द्रमुक, एनसीपी (एसपी), अकाली दल जल्द ही सत्ता का स्वाद चख सकते हैं।

दरअसल अप्रैल महीने में बुलाए गए विशेष सत्र में विपक्ष के साथ एकजुट डीएमके, एनसीपी (एसपी), अकाली दल, वाईएसआरसीपी ने परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़े जाने का सख्त विरोध जताया था। कई दलों का आरोप था कि इससे जनसंख्या पर नियंत्रण रखने वाले राज्यों की आनुपातिक भागीदारी घट जाएगी। हालांकि जब गृह मंत्री अमित शाह के सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटों की बढ़ोत्तरी के आश्वासन को भी इन दलों ने खारिज कर दिया था।

शाह ने संभाली कमान तो माना द्रमुक
तमिलनाडु की सत्ता टीवीके के हाथों गंवाने और कांग्रेस के हाथ छुड़ा लेने के बाद द्रमुक (लोकसभा में 22 व राज्यसभा में 8 सांसद) को अपने अस्तित्व पर खतरा नजर आ रहा था। इसे भांपते हुए बातचीत की कमान खुद गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। बातचीत में डीएमके की राजग में वापसी और मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी पर सहमति बनी। इस सहमति के बाद द्रमुक ने सभी राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 फीसदी सीटों की बढ़ोत्तरी को विधेयक के मसौदे में शामिल करने की शर्त रखी, जिसे सरकार पहले ही स्वीकार कर चुकी थी।

एनसीपी शरद को महसूस हो रहा था टूट का खतरा
शिवसेना यूबीटी में टूट के बाद शरद पवार को अपनी पार्टी में टूट के संकेत मिल रहे थे। फिर उन्हें अपनी सांसद पुत्री सुप्रिया सूले के भविष्य की भी चिंता थी। भाजपा ने पवार के भय को हथियार बनाया और यहां भी सत्ता में भागीदारी के सवाल पर बात बन गई।

वाईएसआरसीपी प्रमुख कई जांचों में घिरे, आखिर माने
वाईएसआरसीपी के मुखिया जगन मोहन रेड्डी अपने कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों के कारण प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में हैं। उन पर आय से अधिक संपत्ति का मामला चल रहा है। माना जाता है कि उन्होंने दबाव में दक्षिण के राज्यों के हित में सभी राज्यों में समान अनुपात में सीटों की संख्या में बढ़ोत्तरी की ऐसी शर्त रखी जिसे सरकार पहले ही स्वीकर कर चुकी थी।

अकाली दल पड़ गया था अलग-थलग, इसलिए राजी
कृषि कानून मामले में तेवर दिखाने के बाद अकाली दल पंजाब की राजनीति में अलग-थलग पड़ गया था। विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव में लगे झटके के बाद भाजपा और अकाली दल को एक दूसरे की जरूरत थी। मौके की नजाकत को समझते हुए अकाली के लिए राजग और केंद्रीय मंत्रिमंडल में वापसी के साथ पंजाब चुनाव में गठबंधन का रास्ता साफ हुआ।

इन दलों में टूट से डिगा विपक्ष का आत्मविश्वास
अप्रैल में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पहले आप के राज्यसभा के सात सांसदों भाजपा में शामिल हुए। फिर पश्चिम बंगाल में टीएमसी का किला ढहने से भविष्य के प्रति चिंंतित पार्टी के लोकसभा के 20 सांसदों ने बगावत की। राज्यसभा के चार सांसदों ने अलग-अलग समय भाजपा का दामन थामा। मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी की मजबूत संभावना के मद्देनजर शिवसेना यूबीटी के छह सांसद शिवसेना में शामिल हुए तो बीजेडी के राज्यसभा सांसदों ने भाजपा का दामन थामा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button