राष्ट्रीयलेख

परिसीमन विधेयक पर फिर आर-पार

संसद का मानसून सत्र 30 नवम्बर से फिर बुलाए जाने की रणनीति ने बढ़ती सर्दी में भी राजनीति को गर्मा दिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कुछ जरूरी विधायी कामकाज निपटाने की बात कही है लेकिन एजैंडे का खुलासा नहीं किया। यह तय माना जा रहा है कि बजट सत्र में गिर गया परिसीमन विधेयक एजैंडे में सबसे ऊपर हो सकता है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के आम चुनाव से ही लागू करने के लिए 131वां संविधान संशोधन विधेयक बजट सत्र में पेश किया गया था लेकिन पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत में 54 वोटों की कमी से गिर गया। 

20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र में भी परिसीमन विधेयक पारित कराने की चर्चा थी। असम में सत्ता की हैट्रिक और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से सत्ता छीन लेने से भाजपा के हौसले बुलंद थे। तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना में विभाजन तथा कांग्रेस से द्रमुक की नाराजगी के चलते सूत्र दो-तिहाई बहुमत का जुगाड़ भी हो जाने के दावे कर रहे थे लेकिन नीट पेपर लीक पर जंतर-मंतर प्रदर्शन विवाद में धुल गया मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। सामान्यत: कुछ दिन बाद ही राष्ट्रपति द्वारा सत्रावसान की घोषणा कर दी जाती है लेकिन मानसून सत्र के मामले में ऐसा न किए जाने के चलते आशंकित विपक्ष, सरकार की मंशा पर सवाल उठाता रहा। सरकार या भाजपा ने आधिकारिक तौर पर तो कुछ नहीं कहा, लेकिन सूत्रों के हवाले से दो-तिहाई बहुमत का जुगाड़ और परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के दावे किए जाते रहे। अब 30 नवम्बर को लोकसभा और 2 दिसम्बर को राज्यसभा की बैठक उस मानसून सत्र का ही विस्तार है, वरना शीतकालीन सत्र की घोषणा 14 दिन पहले करनी पड़ती। 
विपक्ष की आशंका और सरकारी सूत्रों के दावे, दोनों सही साबित हुए, पर असल सवाल फिर वही है कि क्या सरकार ने दो-तिहाई बहुमत का जुगाड़ कर लिया है? बेशक बजट सत्र में दिखा 54 वोटों का फासला कम नहीं लेकिन मोदी सरकार दोबारा वही गलती नहीं करेगी, जिसने उसकी साख को बड़ी चोट पहुंचाई। ऐसे में दो-तिहाई बहुमत के प्रति आश्वस्त हुए बिना परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए संसद बुलाने का जोखिम मोदी सरकार क्यों लेगी?

पश्चिम बंगाल की सत्ता खिसकते ही तृणमूल कांग्रेस के 28 लोकसभा सांसदों में से 20 के अल्पज्ञात दल एन.सी.पी.आई. में शामिल हो कर राजग के पाले में आ जाने तथा उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 9 में 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो जाने से सरकार दो-तिहाई आंकड़े के निकट पहुंची है। 6 साल बाद फिर गठबंधन से शिरोमणि अकाली दल की एकमात्र सांसद हरसिमरत कौर बादल का समर्थन भी मिल ही गया है, पर मंजिल फिर भी दूर लगती है। तब क्या शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से परिसीमन विधेयक के समर्थन का आश्वासन मिल गया है? उद्धव की शिवसेना टूटते समय पवार की राकांपा में भी टूट की आशंकाएं थीं लेकिन वैसा हुआ नहीं। क्या समर्थन के आश्वासन पर ही वह टूट टली? पवार की पुत्री एवं सांसद सुप्रिया सुले ने अतीत में राष्ट्रहित में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सहयोग की याद दिलाते हुए कहा है कि पेश किए जाने वाले परिसीमन विधेयक में कुछ अच्छा भी हो सकता है। उसे देख कर ही राकांपा निर्णय करेगी। समझदार के लिए इशारा ही काफी होता है। 

22 लोकसभा सांसदों वाली द्रमुक भी कुछ शर्तों के साथ परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के संकेत दे रही है। संसद में ऐसे दलों के सांसद भी हैं, जो न तो सत्तारूढ़ राजग में शामिल हैं और न ही विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में। ऐसे दलों के सांसदों के समर्थन से सरकार दो-तिहाई बहुमत के बहुत करीब तो पहुंच सकती है, पर शायद आंकड़ा छू नहीं पाए। इसलिए उसे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कुछ और घटक दलों में सेंध लगानी होगी। इसी साल प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में  बोलते हुए अकसर मदद करते रहने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मित्र बताया था। कांग्रेस के बाद सपा, ‘इंडिया’ गठबंधन का दूसरा बड़ा दल है, पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे को ले कर दोनों में बढ़ती तल्खी का संकेत लगातार मिल रहा है। कांग्रेस ने मायावती की बसपा से गठबंधन की संभावना का इशारा भी कर दिया है। 

जाहिर है, कांग्रेस से बढ़ती तल्खियों के बीच सपा से मदद की संभावनाएं सरकार को नजर आ रही होंगी। मदद विधेयक के समर्थन में मतदान के जरिए ही नहीं, मतदान से अनुपस्थित हो कर दो-तिहाई का आंकड़ा नीचे ला कर भी की जा सकती है। अप्रत्यक्ष मदद का यह रास्ता कुछ अन्य छोटे दल भी अपना सकते हैं। सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि के साथ लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़ा कर 850 करने वाले परिसीमन विधेयक पर सत्तापक्ष और विपक्ष में दूसरी बार आर-पार दिलचस्प होगी।-राज कुमार सिंह

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button