राष्ट्रीयउत्तरप्रदेश

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जलकर हुई मौत

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात स्लीपर बस में आग लग गई। ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही बिहार नंबर की बस में दयानतपुर गांव के पास आग लगी। चालक ने बस एक्सप्रेसवे किनारे रोकी। जिस समय ये हादसा हुआ बस में तकरीबन 35 यात्री थे, आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई और बस की खिड़की से कूदकर लोगों ने जान बचाई।

लेकिन कुछ यात्री आग तेजी से फैलने के कारण अंदर ही फंस गए उन्हें उतरने का मौका नहीं मिला, नौ की जलकर मौत हो गई। घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौ की मौत पुष्टि भोर में 3.30 बजे हुई। मरने वालों में महिला बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं। बस में आग किन कारणों से लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है। बस का नंबर, कहां के यात्री थे, किस लापरवाही से आग लगी, ये जानकारी जुटाई जा रही हैं।

बस में आग लगने के बाद धुआं और ऊंची लपटें उठती देख सवारियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोककर कई सवारियों की जान बचा ली, तो कई ने कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस में से पटाखे फूटने जैसी आवाज आ रही थी।

टोल कर्मियों ने बताया कि दिल्ली से महोबा जा रही बस में आग लगने के कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैल गईं। देखते ही देखते डबल डेकर बस धू-धूकर जलने लगी। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने से एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button