छत्तीसगढ़

अश्वनी नगर के गौसिया मस्जिद के पास युवक की हत्या कर ट्रेन से भागने वाले 4 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास 30 अगस्त की रात 11 बजे डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने वाले चार नाबालिग युवकों को पुलिस ने ट्रेन से दूसरी जगह भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपियो को बिलासपुर व एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य आया है कि वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए सभी नाबालिगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर में एक युवक डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एम्स रायपुर लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने आरपीएफ पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस की तत्परता के चलते तीन आरोपियों को बिलासपुर में, जबकि एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया। इस तरह मामले में कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी आरोपी नाबालिग है। पकड़े गए आरोपियों में से एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। बाहर आने के कुछ ही समय बाद वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button