उत्तरप्रदेश

ओवरटेक पड़ गया भारी, कैंटर से टकराकर 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत

Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थाना बछरायूं क्षेत्र के अंतर्गत गजरौला-बछरायूं रोड पर उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने आगे चल रहे कैंटर को ओवरटेक करने की कोशिश की। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विद्युत पोल को तोड़ते हुए सीधे खेत में जा पलटा। दुर्घटना में कैंटर के चालक और परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बदायूं -बिल्सी बिजनौर स्टेट हाईवे-51 पर गजरौला की ओर से चांदपुर की ओर जाते समय एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे। रास्ते में उन्होंने आगे चल रहे आयशर कैंटर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण मोटरसाइकिल सीधे कैंटर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने दम तोड़ दिया। 

मृतकों की पहचान कासिम (23), सरफराज उर्फ छोटू (35) तथा शारिक (25) के रूप में हुई है। यह तीनों अमरोहा जनपद के थाना मण्डी धनौरा क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला कटरा के निवासी थे। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं तीनों शवों का पंचायतनामा भरने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button