मनोरंजन

‘मैं जिनके साथ काम करता हूं वो मंत्री बन जाता है’, साउथ के सुपरस्टार्स पर बॉबी देओल का अनूठा बयान

नई दिल्ली: बॉबी देओल विलेन रोल में क्या हिट हुए, उन्हें साउथ सिनेमा में बड़े-बड़े रोल मिलने लगे. स्टार की ताजा रिलीज ‘जन नायकन’ है, जिसमें वह थलापति विजय के अपोजिट नजर आए हैं. अब बॉबी देओल ने अनूठे बयान से ध्यान खींचा है. एक्टर का कहना है कि उन्होंने जिन साउथ सितारों के साथ काम किया, वे आज राजनीति में बड़े पदों में बैठे हैं. बॉबी देओल का यह बयान भले मजाक में हो, मगर वे थलापति विजय के अलावा नंदमुरी बालकृष्ण और पवन कल्याण जैसे सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं, जो राजनीति में भी सफल हैं.

बॉबी देओल ने विजय, नंदमुरी बालकृष्ण और पवन कल्याण के साथ काम करने का अनुभव भी बयां किया. बॉबी देओल ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बात करते हुए कहा कि वे ‘जन नायकन’ के सिनेमाघरों तक पहुंचने के इंतजार के दौरान विजय से नियमित संपर्क में नहीं थे. बॉबी की मानें, तो विजय प्रमोशन से ज्यादा अपने काम से बोलना पसंद करते हैं. बॉबी ने कहा, ‘मैंने ऐसा नहीं किया. उन्हें ज्यादा प्रमोशन करना पसंद नहीं है. वे कुछ नहीं करते. वे सिर्फ अपने काम में यकीन रखते हैं, इसलिए मैंने सोचा कि उन्हें ऐसा ही पसंद है.’

बॉबी देओल ‘जन नायकन’ में बने हैं विलेन
फिल्म ‘जन नायकन’ में बॉबी देओल ने विलेन ‘फीनिक्स’ का किरदार निभाया है. इस प्रोजेक्ट को स्टार के करियर की एक अहम रिलीज के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि उनका राजनीतिक सफर तेजी पकड़ रहा है. बॉबी ने फिर साउथ सिनेमा के सितारों के साथ काम को अजीब संयोग के साथ जोड़ा. वे बोले, ‘मैंने ‘डाकू महाराज’ में नंदमुरी बालकृष्ण के साथ काम किया. मजेदार बात यह है कि मैंने जब भी इन एक्टर्स के साथ काम किया, वे सभी मंत्री बन गए. यह वाकई बहुत मजेदार बात है. फिर मैंने ‘हरि हर वीरा मल्लू’ में पवन कल्याण के साथ काम किया. मैं सिर्फ मजाक कर रहा हूं.’

कई साउथ स्टार्स के साथ किया काम
‘डाकू महाराज’ में बॉबी देओल ने बलवंत सिंह ठाकुर का किरदार निभाया, जो एक बेरहम राजकुमार और वॉरलॉर्ड था और बालकृष्ण के खिलाफ था. गौरतलब है कि तेलुगु स्टार ने तीन बार हिंदूपुर से आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव जीता था. बॉबी ने ‘हरि हर वीरा मल्लू’ में औरंगजेब का किरदार भी निभाया, जिसमें पवन कल्याण अहम भूमिका में थे. पवन कल्याण आज आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं.

सूर्या को बताया मिलनसार
एक्टर ने ‘कंगुवा’ में सूर्या के साथ काम करने के बारे में भी बात की. हालांकि फिल्म उम्मीद के मुताबिक नहीं चली, लेकिन बॉबी ने कहा कि उन्हें सूर्या के साथ बातचीत करना आसान लगा. उन्होंने एक्टर को मिलनसार और घुलने-मिलने वाला बताया. साल 2023 में ‘एनिमल’ की सफलता के बाद से बॉबी देओल साउथ की बड़ी फिल्मों में विलेन के रोल के लिए चुने जाने लगे.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button