सुल्तानपुर में तेज आंधी-तूफान का कहर, अलग-अलग हादसों में 2 बच्चों समेत 7 की मौत, 21 लोग घायल

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार को तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश क़हर बनकर टूटी, जिसकी वजह से अलग-अलग जगह हुए हादसों में दो बच्चों समेत सात लोगों को मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन पीड़ित परिवारों को मदद और मुआवजे का भरोसा दिया है.
सुल्तानपुर जिले में आई भारी तबाही से बल्दीराय, हलियापुर, अखंडनगर, बंधुआकला और कुड़वार थाना क्षेत्रों समेत जनपद के कई इलाके प्रभावित रहे. कुड़वार थानाक्षेत्र में आंधी की वजह से बिजली विभाग का खंबा टूटे गिर गया जिससे, यहां रहने वाले 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए दस दिन पहले ही घर लौटा था.
आंधी तूफ़ान से हुए हादसों में 7 की मौत
वहीं बल्दीराय थानाक्षेत्र के कस्बा माफियात में छप्पर के मकान पर ईंट गिरने से आठ साल की बच्ची महिमा की मौत हो गई, जबकि सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन के घर पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई. जबकि उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हलियापुर थाना क्षेत्र के डोभियारा में कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से 35 वर्षीय रीता की मौत हो गई. रीता तीन बच्चों की मां थी. इसी क्रम में अखंड नगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में विजय बहादुर के आठ साल की बच्ची की भी मौत हो गई जबकि 16 वर्षीय विकास और 11 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हो गए.
पेड़ गिरने से महिला की मौत
बंधुआकला के अलीगंज दाऊदपुर में घर के पास एक जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की मौके पर मौत हो गई है. कूरेभार थाना क्षेत्र में पटना मनीपुर में कच्ची दीवार में दबकर 70 वर्षीय केवला देवी की दबकर मौत हो गई है. कूरेभार ब्लॉक क्षेत्र में तूफान से 10 लोग घायल हुए. इन सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सभी का इलाज हो रहा है.
दुबेपुर ब्लॉक क्षेत्र के बंधुआकला के चौदहवा मोहल्ले में आंधी के कारण एक बहुत पुराना विशालकाय नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर मुन्नीलाल कोरी के मकान पर गिर गया. इससे मकान का टीन शेड और छत ढह गई. पेड़ गिरने से एक महिला और एक बच्ची मामूली रूप से घायल हो गए. इस आंधी तूफान में पूर्वांचल एक्सप्रेस के 80 किलोमीटर पर बना टोल प्लाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यात्री घंटों तक परेशान रहे.
प्रशासन ने दिया सहायता का आश्वासन
जिलाधिकारी सुल्तानपुर इंद्रजीत सिंह ने आंधी की वजह हुए हादसों पर दुख जताया है. उन्होंने संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचक निधि से 24 घंटे के अंदर सहायता राशि दी जाएगी. आपदा के दृष्टिगत हुई क्षति का आंकलन कराया जा रहा है. लोगों से ख़राब मौसम में सावधान रहने की अपील की गई है.



