दिल्ली में तेज रफ्तार बस का कहर, रेड लाइट पर टैक्सी और बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक भीषण बस हादसा हुआ है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में तेज रफ्तार बस ने एक टैक्सी और तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। बस गाड़ियों और एक बाइक सवार को अपने नीचे घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई।
फ्लाईओवर से नीचे उतर रही थी बस
पुलिस के मुताबिक बस का ड्राइवर मौके से भाग गया। बस उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रही थी और नंद नगरी फ्लाईओवर से होते हुए भोपुरा बॉर्डर से खजूरी की ओर जा रही थी। फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय बस का संतुलन बिगड़ गया। जिन गाड़ियों को बस ने टक्कर मारी, वे सभी रेड लाइट पर रुकी हुई थीं। टक्कर मारने के बाद भी बस आगे बढ़ती रही।
पहले टैक्सी फिर बाइकों से टकराई बस
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उन्हें नंद नगरी में बुधवार रात करीब 9.30 बजे इस हादसे की जानकारी मिली। नंद नगरी बस डिपो के पास मेन रोड पर मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि बस पहले एक टैक्सी से और फिर बाइकों से टकराई थी। सभी घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही एक शख्स की मौत
पुलिस के मुताबिक एक मोटरसाइकिल सवार, विनीत (27), को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दो, रोहित और सूरज, का इलाज चल रहा है। एक और अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिलें बस के नीचे फंस गई थीं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जिस मोटरसाइकिल सवार की मौत हुई, वह बस के नीचे मिला था। इस हादसे की वजह से करीब 3 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे नंद नगरी से हर्ष विहार के बीच आवाजाही बाधित हुई।
टायरों में फंसी थी एक मोटर साइकिल
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि बस तेज रफ़्तार में थी। घटना के बाद रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में बस का सामने का शीशा टूटा हुआ, उसके टायरों में फंसी एक मोटरसाइकिल और घटनास्थल पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं।



