‘पक्के उसूलों’ वाली एक्ट्रेस साई पल्लवी हैप्पी बर्थडे : MBBS की पढ़ाई, 2 करोड़ का Ad ठुकराया, पिंपल्स ने बनाया स्टार

Happy Birthday Sai Pallavi: साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस साई पल्लवी इन दिनों सफलता के उस मुकाम पर हैं, जहां हर बड़ा फिल्म मेकर उनके साथ काम करना चाहता है. अब साई हिंदी सिनेमा में अपनी जगह बनाने के लिए मेहनत कर रही हैं. उन्होंने हाल ही में आमिर खान की फिल्म ‘एक दिन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया है, लेकिन उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी. साई पल्लवी 9 मई, 2026 को अपना 34वां बर्थडे सेलिब्रेट करने वाली हैं. आइए इस मौके पर एक्ट्रेस से जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं.
कितनी पढ़ी-लिखी हैं साई पलल्वी?
साई पल्लवी का जन्म 9 मई, 1992 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक बडगा परिवार में हुआ था. एक्ट्रेस ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोयंबटूर के एविला कॉन्वेंट स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाया और साल 2016 में जॉर्जिया की त्बिलिसी स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया. उन्होंने भारत में 31 अगस्त, 2020 को FMGE परीक्षा भी पास की, लेकिन एक्ट्रेस ने अभी तक मेडिकल प्रैक्टिस के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है. एक्टिंग में रुचि होने के कारण उन्होंने तमिल सिनेमा में कदम रखा.
साई पल्लवी कैसे बनीं एक्ट्रेस?
साई पल्लवी ने बिना क्रेडिट मिले बतौर बैकग्राउंड डांसर अपना करियर शुरू किया. वो कई फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट और जूनियर आर्टिस्ट्स के तौर पर काम कर चुकी हैं, जिनका उन्हें क्रेडिट तक नहीं मिला. पल्लवी को असली पहचान साल 2015 में आई मलयालम फिल्म ‘प्रेमम’ में ‘मलार’ के किरदार से मिली. इसके बाद पल्लवी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया.
पिंपल्स ने साई पल्लवी को बनाया स्टार
पल्लवी बिना मेकअप के भी बेहद खूबसूरत लगती हैं. वो बचपन से ही एक्ट्रेस बनना चाहती थीं, लेकिन उनके चेहरे पर दाग-धब्बे होने के साथ मुहांसे भी थे. वो पिंपल्स को लेकर इनसिक्योर महसूस करती थीं. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, जब पलल्वी ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा तो डायरेक्टर ने उन्हें हल्का मेकअप करने को कहा, लेकिन वो नैचुरल ज्यादा अच्छी लग रही थीं. फिल्म के निर्देशक अल्फोंस पुत्रन ने साई पल्लवी में टैलेंट देखा और उन्हें विश्वास दिलाया कि वो अपने नैचुरल लुक में ही बहुत खूबसूरत दिखती हैं.
पलल्वी ने बताया था, ‘मुझे याद है कि मैंने निर्देशक से पूछा था कि क्या मेरे पिंपल्स से मेरे किरदार का आकर्षण कम नहीं हो जाएगा? दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने कहा था कि तुम पिंपल्स के साथ ही बहुत खूबसूरत लग रही हो. उन्होंने मुझे इंतजार करने और ये देखने के लिए कहा कि कैसे लड़कियों को इससे आत्मविश्वास मिलेगा.’ जब पल्लवी की फिल्म ‘प्रेमम’ रिलीज हुई तो दर्शक उनकी खूबसूरत के दीवाने हो गए और वो रातोंरात स्टार बन गई.
साई पल्लवी ने ठुकराई 2 करोड़ रुपये की डील
इंडिया टुडे के अनुसार, साई पल्लवी को एक फेयरनेस क्रीम का विज्ञापन करने के लिए दो करोड़ रुपये ऑफर किए गए थे, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था. साई पल्लवी ने कहा था, ‘मैं इस तरह के विज्ञापन से मिलने वाले पैसे का क्या करूंगी? मैं घर जाऊंगी और तीन चपाती या चावल खाऊंगी. मैं कह सकती हूं कि हमारे पास जो मानक हैं, वो गलत हैं. यह भारतीय रंग है. हम विदेशियों के पास नहीं जा सकते हैं और उनसे पूछ सकते हैं कि वो गोरे क्यों हैं? यह उनका स्किन कलर है और यह हमारा है.’
साई पल्लवी की नो मेकअप पॉलिसी
साई पल्लवी ज्यादा मेकअप करने के फेवर में नहीं रहती हैं. उनका मानना है कि वो इंडियन हैं और उन्हें जो रंग मिला है, वो सही है. कोई इवेंट हो, अवॉर्ड शो या फंक्शन, साई पल्लवी हर जगह बिना मेकअप के नजर आती हैं. इतना ही नहीं, साई पल्लवी फिल्मों में भी मेकअप का इस्तेमाल नहीं करती हैं और उनके डायरेक्टर भी उन पर मेकअप करने के लिए दबाव नहीं बनाते हैं. सोशल मीडिया पर साई की एक्टिंग, खूबसूरती और सादा अंदाज की वजह से खूब तारीफ होती है.
ये हैं साई पल्लवी की अपकमिंग मूवीज
वर्क फ्रंट की बात करें तो साई पल्लवी को इन दिनों आमिर खान द्वारा निर्मित फिल्म ‘एक दिन’ में देखा जा रहा है. ये उनकी पहली हिंदी है. आने वाले समय में साई पल्लवी फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगी. इस फिल्म में वो माता सीता की भूमिका निभा रही हैं. वहीं, फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम बने हैं. इसके अलावा साई पल्लवी के पास धनुष की अपकमिंग फिल्म भी है.



