मध्यप्रदेश

नाइट ड्यूटी महिला डॉक्टर के बैक में बैड टच, टोकने पर भाजपा नेता गोली मारने की धमकी देने लगा, सड़क पर आकर हंगामा

सागर: मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के बैक में बैड टच करने व टोकने पर कथित अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े अनिल श्रीवास्तव पीपरा और लक्ष्मी तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, महिला डॉक्टर की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

शिकायत के मुताबिक, घटना देर रात करीब एक बजे की है। आरोप है कि इलाज के दौरान मरीज के परिजन के रूप में मौजूद आरोपी ने महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। मरीज का परिजन और धमकी देने वाला आरोपी भाजपा नेता व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से जुड़ा बताया जा रहा है।

  • BMC में महिला डॉक्टर से अभद्रता, BJP नेता पर FIR
  • डॉक्टर-नर्स 4 घंटे तक प्रदर्शन पर रहे
  • गोली मारने की धमकी देने का आरोप।
  • दो आरोपियों पर BNS के तहत केस दर्ज
  • पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया

सुबह से काम बंद कर सड़क पर उतरे डॉक्टर और नर्स

कार्रवाई में देरी से नाराज डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने मेडिकल कॉलेज परिसर और सड़क पर प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया

डॉक्टरों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने और चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस फिलहाल महिला डॉक्टरों को गोली मारने की धमकी देने के आरोपी भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव को तलाश रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button