दोपहर में ज्यादा सुस्ती और नींद आना आलस नहीं, हो सकती है एक बीमारी! वैज्ञानिकों ने ढूंढ निकाला इसका तोड़

नई दिल्ली। दोपहर के समय सोना कुछ लोगों की आदत में होता है, आपने आसपास कई लोग दिन में सोते नजर आते होंगे। अगर यह किसी थकान की वजह से है तो अलग बात है लेकिन कई लोगों को आप देखते होंगे कि ऐसा अक्सर उनके साथ होता है। हम समझते हैं कि यह एक आम आदत है, जिसके चलते दिन में उन्हें नींद आ रही है। जबकि इसके पीछे की वजह कुछ और भी हो सकती है, जिसके बारे में हाल ही की एक स्टडी ने खुलासा किया है।
नार्कोलेप्सी की समस्या के शिकार
इस स्टडी के मुताबिक, इस तरह के लोग नार्कोलेप्सी की समस्या के शिकार हो सकते हैं। उन्हें दिनभर नींद आती रहती है और मांसपेशियों में कमजोरी भी महसूस हो सकती है। ऐसे लोगों के लिए एक नई दवा बड़ी लाभदायक पाई गई है। इसका नाम ओर्जेफुल है। यह दवा मस्तिष्क में पाए जाने वाले एक आवश्यक पेप्टाइड, ओरेक्सिन की नकल करने की खोज में लंबे समय से प्रतीक्षित सफलता है। बताते चलें कि यह पेप्टाइड टाइप-1 नार्कोलेप्सी से पीड़ित लोगों में अनुपस्थित होता है।



