प्रेमी के साथ रह रही थी 2 बच्चों की मां, जबरन गर्भपात के बाद मौत… शव देख लिव-इन पार्टनर फरार

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के नगला मिश्री गांव की 32 वर्षीय एक महिला की गर्भपात संबंधी जटिलताओं के उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतका शिवा के परिजनों ने उसके लिव-इन पार्टनर अश्वनी पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि जब शिवा का शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने प्रारंभ में अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वे इसके लिए तैयार हो गए।
एटा में लिव-इन पार्टनर की करतूत
साकेत के क्षेत्राधिकारी नितेश गर्ग ने बताया कि शिवा की शादी हरियाणा के रेवाड़ी निवासी सुनील से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद वह अपने पति को छोड़कर मायके लौट आई थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान उसका अपने ही गांव के निवासी अश्वनी से प्रेम संबंध हो गया और दोनों पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से साथ रह रहे थे।
लिव-इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंत
परिजनों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले शिवा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पुलिस ने बताया कि अश्वनी पहले उसे एटा के एक अस्पताल ले गया और बाद में आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही अश्वनी वहां से फरार हो गया।
जबरन गर्भपात ने ली महिला की जान!
मृतका के मामा रजनीश ने आरोप लगाया कि अश्वनी ने शिवा पर गर्भपात कराने का दबाव डाला था। गर्भपात के बाद उसे पेट में तेज दर्द होने लगा और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। क्षेत्राधिकारी गर्ग ने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिवा के 2 बच्चों हैं।



