शराब पीने से टोका तो कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग मां को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शराब पीने से रोकने पर गुस्साए एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय मां की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
शराब का आदी था बेटा, अक्सर करता था मां से झगड़ा
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विधवा सावित्री देवी (65) अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। पुलिस ने बताया कि त्रिभुवन शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था, जिस कारण अक्सर वह अपनी मां से झगड़ा करता था।
डांटने से नाराज शराबी बेटे का डंडे से जानलेवा हमला
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार अपनी बुजुर्ग मां की पिटाई कर चुका था और शनिवार सुबह जब त्रिभुवन शराब के नशे में घर पहुंचा तो सावित्री देवी ने उसे डांटा, जिससे नाराज होकर आरोपी बेटे ने घर में रखे एक डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग मां की मौके पर ही मौत, ASP बोले- जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट लगने के कारण सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सीतापुर के अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि शराब पीने का विरोध करने पर एक युवक ने अपनी बुजुर्ग मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



