अंतर्राष्ट्रीय

बस तीन दिन, वरना तेल पाइपलाइनें फट जाएंगी, ट्रंप का ईरान को नया अल्टीमेटम, अराघची फिर पहुंचे पाकिस्तान

वॉशिंगटन/इस्लामाबाद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार 26 अप्रैल को ईरान को नई चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास युद्ध खत्म करने के लिए समझौते पर राजी होने के लिए सिर्फ तीन दिन हैं, वरना उसकी तेल पाइपलाइनें अंदर से फट जाएंगी। फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने समझाया कि अगर ईरान तेल का निर्यात जारी नहीं रख पाता है तो पाइपलाइनें यांत्रिक रूप से और प्राकृतिक कारणों से खराब हो जाएंगी।

ट्रंप की ताजा धमकी ऐसे समय में आई है, जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची रविवार को एक बार फिर इस्लामाबाद पहुंचे हैं, जहां उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ मुलाकात की। तीन दिनों में यह अराघची का यह दूसरा पाकिस्तान दौरा है। इसके पहले वह शुक्रवार रात को पाकिस्तान पहुंचे थे और शनिवार को शहबाज शरीफ, असीम मुनीर और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके बाद वह ओमान चले गए थे।

अगर किसी भी वजह से वह लाइन बंद हो जाती है, क्योंकि आप उसे कंटेनरों या जहाजों में डालना जारी नहीं रख सकते- जैसा उनके साथ हुआ है, क्योंकि नाकाबंदी की वजह से उनके पास जहाज नहीं हैं- तो वह लाइन अंदर से फट जाती है, यांत्रिक रूप से भी और जमीन के अंदर भी।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति

ट्रंप ने बातचीत के लिए रखी शर्त

ट्रंप ने यह भी कहा कि एक बार फटने के बाद ईरान पाइपलाइन को उसकी असली क्षमता तक दोबारा नहीं बना पाएगा। यह अपनी पिछली उत्पादन क्षमता के मुकाबले सिर्फ 50% पर ही काम कर पाएगी। इसी इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान बातचीत करना चाहता है तो अमेरिका से संपर्क कर सकता है। ट्रंप ने कहा, ‘अगर वे बात करना चाहते हैं, तो हमारे पास आ सकते हैं, या हमें फोन कर सकते हैं। आप जानते हैं, फोन मौजूद हैं। हमारे पास अच्छी और सुरक्षित लाइनें हैं।”

ईरान ने अमेरिका को भेजा लिखित संदेश

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ओमान की यात्रा के बाद रविवार को फिर इस्लामाबाद पहुंचे। इसके पहले ट्रंप ने अपने वार्ताकारों को पाकिस्तान आने से रोक दिया था, जिसके बाद अगले दौर की संभावित बातचीत में गतिरोध पैदा हो गया है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया है कि अराघची ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को कुछ अहम मुद्दों पर लिखित संदेश भेजे हैं।

वहीं, अराघची सोमवार को मॉस्को में रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने वाले हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रविवार को पुष्टि की कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची मॉस्को का दौरा करेंगे। उम्मीद है कि वे सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button