बेरहम बेटे की करतूत: विवाद के बाद मां पर फावड़े से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार….जानिए पूरा मामला..!!

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बेरहम बेटे की शर्मनाक करतूत सामने आई है। विवाद के बाद अपनी ही मां पर फावड़े से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त (60 वर्ष) ने 25 अप्रैल को चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शिवा पेट्रोल पम्प के सामने किराना दुकान चलाता है। उसका छोटा पुत्र आर्यन दास महन्त इस बात से नाराज रहता था कि परिवार उसके भाई-बहनों को उससे अधिक महत्व देता है, जिस कारण उसका व्यवहार परिवार के प्रति खिन्न था। 24 अप्रैल की रात गणपत, उसकी पत्नी फुलबाई महन्त (55 साल) और पुत्र आर्यन दुकान में सोए थे।
25 अप्रैल की सुबह आर्यन शौच से लौटने के बाद अपनी मां को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिराया और घर में रखे गोबर फेंकने वाले फावड़े से गर्दन पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फावड़ा लेकर अपने पिता को भी मारने दौड़ा, जिस पर गणपत अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी।
रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का द्वारा आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर त्वरित पतासाजी कर आरोपी आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश व ASP अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक चिंतामणि कुर्रे की अहम भूमिका रही।



