छत्तीसगढ़

मंत्रा गोल्ड से करोड़ों का सोना गबन, 6 साल से काम कर रहा कर्मचारी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में करोड़ों रुपये के सोना गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंत्रा गोल्ड के एक कर्मचारी पर 1600 ग्राम से ज्यादा सोना और व्यापारियों से वसूली गई रकम लेकर फरार होने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी कर्मचारी अरुण यादव पर करीब 1250 ग्राम सोने के जेवर और 350 ग्राम शुद्ध सोना गायब करने का आरोप है। इसके साथ ही व्यापारियों से वसूली गई रकम को भी हड़पने की बात सामने आई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अरुण यादव ने अपने पिता राम समुझ यादव और पत्नी निशा यादव के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और सोना लेकर फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

6 साल से संस्था में कर रहा था काम

एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता प्रदीप बजाज, महावीर नगर स्थित सांई श्रद्धा अपार्टमेंट के निवासी हैं और सदर बाजार के नाहटा मार्केट स्थित ’मंत्रा गोल्ड’ संस्था के पार्टनर हैं। संस्था सोने के आभूषणों का थोक कारोबार करती है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि अरूण यादव वर्ष 2019 से उनकी दुकान में कार्यरत था और लंबे समय से भरोसेमंद कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य और व्यापारियों के बीच लेन-देन की जिम्मेदारी भी उसे दी जाती थी।

स्टाक मिलान में सामने आया बड़ा घोटाला

शिकायत के मुताबिक 23 अप्रैल 2026 को दुकान का स्टाक मिलान किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में सोना कम मिला। जब इस संबंध में कर्मचारी अरूण यादव से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कुछ सोने का माल उसके घर में रखा हुआ है। इस पर संस्था संचालक ने उसे तत्काल घर जाकर माल वापस लाने के लिए कहा। कारोबारी के अनुसार, वर्षों से भरोसे के चलते उसे बिना किसी संदेह के माल लाने भेजा गया, लेकिन वह दुकान वापस नहीं लौटा। इसके बाद अरूण यादव लगातार फोन पर बहाने बनाता रहा। कभी आ रहा हूं कहता तो कभी थोड़ी देर में पहुंचने की बात कहकर टालमटोल करता रहा। बाद में उसने मोबाइल फोन बंद कर दिया।

घर पहुंचने पर परिवार ने भी नहीं दी जानकारी

जब काफी देर तक आरोपी वापस नहीं आया तो संस्था संचालकों ने उसके घर जाकर जानकारी ली। शिकायत में कहा गया है कि परिवार के लोगों ने भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी और बताया कि अरूण यादव कहीं चला गया है। उसके बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button