चार दोस्तों ने पांचवे को जमकर पीटा, रेलवे लाइन पर फेंका, फिर भी कैसे बच गई जान

नई दिल्ली: आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास पहले एक युवक की जमकर पिटाई की, फिर उसे बेहोशी की हालत में रेलवे ट्रैक पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। शुरुआत में लगा कि युवक ने स्यूसाइड करने की कोशिश की है, बाद में पीड़ित के बयान और सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर पता चला कि उसके दोस्तों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
डॉक्टरों को दाहिना पैर काटना पड़ा
घायल का सफदरजंग अस्पताल में इलाज जारी है। जहां, शुक्रवार को उसका दाहिना पैर डॉक्टरों ने काटकर हटा दिया है। वहीं, बाएं पैर की सर्जरी की गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बेटे के पैरों को पत्थरों से कुचल दिया। फिर ट्रैक पर डाल दिया, ताकि ट्रेन से कटने के बाद इसे सुसाइड दिखा सके।
दोस्तों को बुलाकर पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस को दिए बयान युवक ने अपने चार दोस्तों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोस्तों को पुलिस बुलाकर पूछताछ कर रही है। घायल की पहचान मोहित के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस उपायुक्त भरत रेड्डी ने बताया कि 26 अप्रैल को सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पुलिस को आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति के घायल होने और उसके दोनों पैर कटने की जानकारी मिली।
शराब के नशे में 4 युवकों ने दिया अंजाम
घायल की पहचान मुकुंदपुर निवासी 24 साल के मोहित के रूप में हुई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके चार दोस्तों ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की है। होश में आने पर वह खुद को रेलवे ट्रैक के पास पाया, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर नामजद आरोपियों को थाने बुलाकर पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



