पहली बार विजेता को ट्रॉफी और मेडल के साथ दी जाएगी चैंपियनशिप अंगूठी

एजेंसियां— न्यूयॉर्क, फीफा वल्र्ड कप के विजेता खिलाडिय़ों को इस बार एक खास सम्मान मिलेगा। विश्व कप के इतिहास में पहली बार चैंपियन बनने वाली टीम के खिलाडिय़ों और स्टाफ को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के साथ चैंपियनशिप रिंग भी दी जाएगी। फीफा ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। यह रिंग अमरीकी खेलों की मशहूर परंपरा से प्रेरित है और पहली बार फुटबॉल विश्व कप का हिस्सा बनेगी। इसका मकसद खिलाडिय़ों को उनकी ऐतिहासिक जीत की एक खास याद देना है। रिंग के एक तरफ फीफा वल्र्ड कप की ट्रॉफी बनी होगी, जबकि दूसरी तरफ विजेता टीम के अनुसार खास डिजाइन तैयार किया जाएगा। हर रिंग पर अलग नंबर होगा, उसे खिलाड़ी के हिसाब से तैयार किया जाएगा और उसके साथ असली होने का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
फाइनल मैच खत्म होने के तुरंत बाद विजेता टीम के कप्तान और हैड कोच को अस्थायी रिंग दी जाएगी। इसके बाद पूरी विजेता टीम के लिए 30 रिंग तैयार की जाएंगी। हर रिंग को खिलाडिय़ों के अनुसार कस्टमाइज किया जाएगा। फीफा ने बताया कि इस रिंग का कुल 2,026 पीस का लिमिटेड एडिशन बनाया जाएगा। इनमें से 30 रिंग विश्व चैंपियन टीम को मिलेंगी,जबकि बाकी 1,996 रिंग दुनिया भर के फुटबॉल फैंस के लिए आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त उत्पाद के रूप में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी।



