मनोरंजन

‘धमाल 4’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर जमाई धाक, कमाई में 60 फीसदी का उछाल

नई दिल्ली.  बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की कॉमेडी ‘धमाल 4’ 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. बॉक्स ऑफिस पर डबल डिजिट से शुरुआत करने के बाद वीकेंड पर फिल्म की कमाई में बड़ी बढ़त देखने को मिली है. आइए जानते हैं कि दूसरे दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ रुपये का बिजनेस किया है.

‘धमाल 4’ फिल्म ने पहले दिन यानी शुक्रवार को देशभर के 10,669 शोज से 14 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. अब शनिवार को इस फिल्म ने पहले दिन के मुकाबले शानदार छलांग लगाई है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, दूसरे दिन को फिल्म के शोज बढ़कर 10,953 हो गए और थिएटर्स में दर्शकों की भारी भीड़ जुटी.

फिल्म की कमाई में दूसरे दिन 60.7 फीसदी का बड़ा उछाल आया और इसने 22.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. इसी के साथ दो दिनों में फिल्म की भारत में कुल कमाई 36.50 करोड़ रुपये हो गई है. कमाई के इस मामले में ‘धमाल 4’ ने कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को कड़ी टक्कर दी है. अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म ने दूसरे दिन 20 करोड़ की नेट कमाई की थी, जिससे उसका दो दिनों का भारत में नेट कलेक्शन 39 करोड़ रहा.

भले ही ‘धमाल 4’ कमाई में ‘वेलकम टू द जंगल’ से थोड़ी पीछे रह गई हो, लेकिन इसने अजय देवगन की साल 2025 में आई पिछली फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ को पीछे छोड़ दिया है. रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ने दूसरे दिन 12.25 करोड़ की कमाई की थी, जिससे दो दिनों में उसकी कुल कमाई 21 करोड़ हो गई थी. उस लिहाज से ‘धमाल 4’ का प्रदर्शन काफी मजबूत माना जा रहा है.

अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार 2’ से इसकी तुलना करें, तो ‘धमाल 4’ का प्रदर्शन उससे कहीं ज्यादा बेहतर है. ‘सन ऑफ सरदार 2’ ने दूसरे दिन 7,292 शोज से 8.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिससे दो दिनों में उसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 15.50 करोड़ ही हो पाया था.

मालूम हो कि ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘टोटल धमाल’ (2019) दूसरे दिन ही 20.40 करोड़ की धांसू कमाई कर डाली थी और भारत में कुल 155.67 करोड़ का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था. उस बेंचमार्क के सामने अजय देवगन की ‘धमाल 4’ के लिए राह अभी काफी लंबी है.

इंद्र कुमार के डायरेक्शन में बनी ‘धमाल 4’ को टी-सीरीज फिल्म्स, पैनोरमा स्टूडियोज, देवगन फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. यह ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फ्रेंचाइजी का चौथा पार्ट है, जो सीधे तौर पर 2019 की ‘टोटल धमाल’ के आगे की कहानी दिखाता है.

गौरतलब है कि कामेडी से भरपूर मल्टीस्टारर फिल्म ‘धमाल 4’ में अजय देवगन के अलावा अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी नजर आते हैं. उनके अलावा रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर जैसे सितारों ने भी अपनी कॉमेडी का जलवा बिखेरा है.







Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button