महाराष्ट्र के जलगांव में RSS के पथ संचलन पर बवाल, धार्मिक स्थल के सामने हुआ पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में आरएसएस के पथ संचलन के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कुछ लोगों मस्जिद के सामने से पथ संचलन के गुजरने का विरोध किया। पथ सचंलन के विरोध में पुरुषों ने महिलाओं को आगे कर धरने पर बैठा दिया। इसी दौरान पथराव होने की बात भी सामने आ रही है। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जलगांव जिले का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।
कैसे हुआ बवाल
जानकारी के अनुसार, किंगगांव गांव में आरएसएस के रूट मार्च के दौरान एक मस्जिद के पास विरोध-प्रदर्शन होने से तनाव फैल गया। पथराव की खबर है और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना के बाद जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। बवाल की सूचना मिलते ही सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल किनगांव में स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।
पथराव के बाद पुलिस एक्शन
रोड मार्च के दौरान हल्की पत्थरबाजी शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हालात का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस दौरान लोग सड़क पर जमा हो गए और कुछ देर के लिए भागदौड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने लोगों को हिदायत देकर हालात काबू में करने की कोशिश की।



