बिहार सरकार में विभागों का हुआ बंटवारा, निशांत कुमार-विजय सिन्हा को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो गया है. सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार स्वास्थ्य मंत्री बनाये गये हैं. विजय सिन्हा BJP को कृषि मंत्री बनाया गया. गुरुवार (07 मई) को सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हुआ. पूर्व सीएम नीतीश कुमार बेटे निशांत कुमार और 31 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली.
निशांत ने करीब दो महीने पहले अपने पिता नीतीश के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा सदस्य बनने की घोषणा के बाद सक्रिय राजनीति में एंट्री की थी. पिछले महीने बीजेपी नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के समय उन्होंने डिप्टी सीएम का पद ठुकरा दिया था. बाद में जेडीयू के सीनियर नेताओं के आग्रह के बाद वो मान गए और मंत्रिमंडल में शामिल हो गए.
राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की दिलाई शपथ
बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने एनडीए के सभी 32 नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण को लेकर भव्य समारोह का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेता मौजूद रहे.



