खेल

वैभव सूर्यवंशी को साइन करने के लिए ब्रांड्स में मची होड़, कितना पैसा देने को तैयार हैं कंपनियां?

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के नए स्टार वैभव सूर्यवंशी पर पैसों की बारिश हो रही है। हाल में संपन्न आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सूर्यवंशी को साइन करने के लिए कम से कम छह टॉप ब्रांड्स लाइन में खड़े हैं। इनमें स्पोर्ट्स ड्रिंक, क्रिकेट बैट, न्यूट्रीशन और हाई परफॉरमेंस फुटवियर बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं। हालांकि सूर्यवंशी की टीम राजस्थान रॉयल्स फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही लेकिन 15 साल के इस बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया।

ईटी की एक रिपोर्ट में इंडस्ट्री के एग्जीक्यूटिव्स के हवाले से बताया गया है कि कई टॉप ब्रांड्स सूर्यवंशी को साइन करने के लाइन में लगे हैं। एक एग्जीक्यूटिव ने कहा कि सूर्यवंशी को साइन करने के लिए ब्रांड्स में होड़ मची है। इस रेस में कोई पिछड़ना नहीं चाहता है। इसकी बड़ी वजह यह है कि अभी उनके सामने लंबा करियर है। साथ ही अभी एक वैक्यूम भी है क्योंकि बड़े क्रिकेटर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।

वैभव सूर्यवंशी का करियर

  • डेब्यू: 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण
  • आईपीएल: 2025 के ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने ₹1.1 करोड़ में खरीदा
  • मौजूदा एंडोर्समेंट: कॉम्प्लान, झारखंड हेल्थ डिपार्टमेंट
  • संभावित ब्रांड डील: स्पोर्ट्स ड्रिंक, न्यूट्रीशन, फुटवियर

कमर्शियल वैल्यू

एग्जीक्यूटिव ने कहा कि पहले की तरह ब्रांड्स अब 3 से 5 साल की डील नहीं करना चाहते हैं। अब वे 2 से 3 साल की डील चाहते हैं। खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर उनके पास कॉन्ट्रैक्ट को आने नहीं बढ़ाने का विकल्प रहेगा। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि एंडोर्समेंट फीस के इतर बड़ी बात यह है कि उनके ब्रांड को कितनी सावधानी के साथ गढ़ा जा रहा है।

सूर्यवंशी ने हाल में संपन्न आईपीएल में 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। ओरेंज कैप के साथ-साथ वह मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर भी रहे। सूर्यवंशी पहले ही प्रीमियम एंडोर्समेंट लीग में पहुंच चुके हैं। उनकी कमर्शियल वैल्यू पर डील 1 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। अभी वह जायडस वेलनेस के हेल्थ ड्रिंक कॉम्प्लान के साथ जुड़े हैं। साथ ही वह डिजिटल वॉलेट और पेमेंट सर्विस गूगल पे के एक विज्ञापन में भी दिखाई दिए।

सूर्यवंशी का ग्राफ

एक ब्रांड के मार्केटिंग चीफ ने कहा, ‘सूर्यवंशी की फीस अभी 50 लाख रुपये प्रति डील है जो 1 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है। लेकिन यह नेगोशिएशंस और इस बात पर निर्भर करेगा कि उनका परिवार उनको कितना एक्सपोजर देना चाहता है। इसकी वजह यह है कि उनकी उम्र अभी केवल 15 साल है।’

आईपीएल के इस सीजन में टॉप ब्रांड एंडोर्सर्स का इस आईपीएल सीजन में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इनमें मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत शामिल हैं। दूसरी ओर सूर्यवंशी का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है।

एक प्रमुख स्पोर्ट्स टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ने कहा कि हम उन्हें रिप्रजेंट करना चाहते हैं लेकिन हमें बताया गया है कि फिलहाल उनकी बिजनेस डील टीम के भीतर ही बनी रहेगी। राजस्थान रॉयल्स ने इस बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button