छत्तीसगढ़

CG: धमतरी में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, दो कारों से 131 किलो गांजा बरामद; 5 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो चारपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 72 लाख 45 हजार 400 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सायबर थाना एवं थाना अर्जुनी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई।

श्यामतराई नाका पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से दो वाहनों में सवार पांच व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धमतरी के श्यामतराई नाका पर घेराबंदी की।

मुखबिर द्वारा बताए गए टाटा नैनो क्रमांक CG 07 MA 4067 और स्विफ्ट डिजायर क्रमांक MH 04 GD 7906 को रोककर पुलिस ने विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पांचों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले

पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे, रामेश्वर सालिक राम दांडगे, राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस, लखन गुलाब बेलदार और गणेश विजय पाटिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं।

65.83 लाख रुपये का गांजा बरामद

पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये है। इसके अलावा टाटा नैनो कार, स्विफ्ट डिजायर कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 72 लाख 45 हजार 400 रुपये बताई गई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस गांजे के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button