बैल की मौत, महिला ने कंधे पर हल बांध जोते खेत, महाराष्ट्र में अन्नदाता किसान की यह दर्दनाक तस्वीर रुला देगी

छत्रपति संभाजीनगर : यहां लातूर से लगभग 63 किमी दूर बोम्बली में धूल से भरे खेत में, बिना जमीन वाले किसान काशीनाथ गायकवाड़ बेबसी से देख रहे थे कि कैसे बिजली गिरने से उनके दो बैलों में से एक की मौत हो गई। इससे मॉनसून से पहले आठ एकड़ जमीन की जुताई करने का उनका एकमात्र जरिया छिन गया। कर्ज का बोझ बढ़ने और कोई रास्ता न दिखने पर उन्होंने जो कदम उठाया, वह हर किसी को रुला देनेवाला है। किसान काशीनाथ की पत्नी हौसाबाई ने बैल की जगह खुद जुए (हल खींचने वाले उपकरण) को अपने कंधों पर उठा लिया, क्योंकि परिवार अब किसी और जानवर को खोने की स्थिति में नहीं था।
परिवार की इस मुश्किल हालत की तस्वीरें जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने इसे तेज़ी से उठाया और सवाल किया कि एक किसान परिवार को ऐसी हालत में कैसे धकेला जा सकता है। दंपति बैलों की तरह खुद खेत जोतते नजर आए।
रोहित पवार ने वीडियो पोस्ट कर जताया था दुख
खेतों में बैल की जगह खुद को बांधकर खेत जोत रहे इन किसानों को देखकर किसी ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार को निशाना बनाना शुरू कर दिया। NCP (SP) के विधायक रोहित पवार ने इसे ‘अन्नदाता की दिल दहला देने वाली हालत’ बताया। उन्होंने कहा कि अगर देश का पेट भरने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले किसान का परिवार जानवर की जगह लेने को मजबूर हो जाए, तो यह न सिर्फ़ दुखद है, बल्कि बहुत दर्दनाक भी है। मैं स्थानीय अधिकारियों, चुने हुए प्रतिनिधियों और माननीय मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि वे इस घटना पर तुरंत ध्यान दें और एक विशेष मामले के तौर पर इस परिवार को जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं। शिवसेना (UBT) के MLC अंबादास दानवे ने भी इसी भावना को दोहराया और उस तस्वीर के पीछे की गंभीरता और मानवीय पीड़ा पर जोर दिया।
इधर मामला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा। उन्होंने तुरंत परिवार की मुश्किल पर ध्यान दिया। लातूर के कलेक्टर भरत बास्तेवाड ने प्रधान सचिव श्रीकर परदेशी के साथ मिलकर तुरंत कार्रवाई की। बुधवार को राज्य के कई विभागों के अधिकारी गायकवाड़ के घर पहुंचे और उन्हें एक नया बैल सौंपा।
आकाशीय बिजली गिरने से बैल की हुई थी मौत
लातूर जिले के देवनी तहसील के बोंबली खुर्द गांव के किसान काशीनाथ गायकवाड़ के दो बैलों में से एक की 5 जून को आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। वीडियो में दंपति को खेत जोतते देखा जा सकता है। वीडियो में, किसान की पत्नी हौसाबाई हल का एक सिरा खींचते नजर आ रही है, क्योंकि दंपति दूसरा बैल खरीदने या किराये पर लेने में असमर्थ हैं।



