मध्यप्रदेश

चलती ट्रेन में चढ़ते वक्त फिसला महिला का पैर, प्लेटफॉर्म-ट्रेन के बीच फंसी जिंदगी; RPF जवान ने दौड़कर बचाया

उज्जैन: रेलवे स्टेशन पर एक पल की चूक महिला यात्री की जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच घिसटने लगी। तभी ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल अरविंद कुमार ने दौड़कर महिला को पकड़ लिया और ट्रेन से दूर खींचकर उसकी जान बचा ली। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी

घटना 15 अगस्त की रात करीब 10:28 बजे उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की है। प्रयागराज निवासी 35 वर्षीय उर्मिला देवी, पति श्रवण कुमार, ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी और महिला कापैर अचानक फिसल गया। वह ट्रेन के पायदान से नीचे गिर गईं और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच घिसटने लगीं। कुछ ही सेकंड में महिला के ट्रेन के नीचे आने का खतरा पैदा हो गया।

RPF जवान ने जान की परवाह किए बिना दौड़कर बचाया

महिला को खतरे में देखकर ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल अरविंद कुमार तुरंत दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए महिला को पकड़ लिया और पूरी ताकत से ट्रेन से दूर खींच लिया। जवान की तत्परता के कारण महिला ट्रेन के नीचे जाने से बाल-बाल बच गईं। कुछ सेकंड की देरी महिला की जान पर भारी पड़ सकती थी।

CCTV में कैद हुआ रेस्क्यू का पूरा घटनाक्रम

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान RPF जवान अरविंद कुमार तेजी से मौके पर पहुंचते हैं और महिला को पकड़कर सुरक्षित स्थान की ओर खींच लेते हैं। RPF के अनुसार जवान की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बचाई जा सकी।

महिला ने जवान को कहा धन्यवाद

जान बचने के बाद महिला यात्री ने RPF जवान अरविंद कुमार का आभार जताया और उन्हें धन्यवाद दिया। RPF अधिकारियों ने भी जवान की तत्परता और साहस की सराहना की है। RPF थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कांस्टेबल अरविंद कुमार ने समय रहते महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ का अहम उदाहरण

RPF के मुताबिक यह कार्रवाई रेलवे के ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत किए जाने वाले मानवीय और साहसिक कार्यों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए RPF जवान लगातार निगरानी रखते हैं।

महाकाल सवारी और नागपंचमी को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा

उज्जैन में 17 अगस्त को बाबा महाकाल की सवारी और नागपंचमी पर्व होने के कारण रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। RPF और रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button