
ब्यूरो — नई दिल्ली, त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले अच्छी खबर यह है कि चीनी के भाव तेजी से नीचे आ रहे हैं। पिछले दिनों एक्स-मिल रेट में गिरावट की वजह से थोक और फुटकर रेट में भारी कमी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को एक्स-मिल प्राइस की बात करें, तो साउथ महराष्ट्र में चीनी का एक्स मिल रेट 4950 से 4865 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया है। कई राज्यों में एक्स-मिल चीनी का भाव करीब 44-50 रुपए प्रति किलो तक आ गया है, जबकि कुछ सप्ताह पहले यह करीब 65 रुपए प्रति किलो था। त्योहारी सीजन के लिए चीनी की कीमतों को लेकर सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। केंद्र ने चीनी मिलों से कहा है कि बाजार में पर्याप्त चीनी की सप्लाई सुनिश्चित करें और इसे ‘उचित कीमतों’ पर बेचें।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि वह चीनी के भाव पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत पडऩे पर कीमतों को स्थिर रखने के लिए सुधारात्मक कदम उठाएगी। अगर रिटेल प्राइस की बात करें तो सरकार की सख्ती और उपायों के चलते दिल्ली में 22 अगस्त के ऑल टाइम हाई रेट से चीनी 12 रुपए सस्ती हुई है और अब 56 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। कानपुर में चीनी के भाव इस अवधि में 69 रुपए से घटकर 56 रुपए पर आ गए। यहां 13 रुपए प्रति किलो दाम में गिरावट दर्ज की गई है। मुंबई और रायपुर में अभी चीनी 56 रुपए की है। रांची में चीनी 71 रुपए से 57 रुपए पर आ गई है। यहां 14 रुपए सस्ती हुई है। इसी तरह गुवाहाटी में चीनी 71 से 58 और कोलकाता में 70 से 58 रुपए पर आ गई है। हैदराबाद और चेन्नई में भी चीनी 22 अगस्त को 70 रुपए पर पहुंच गई थी, लेकिन अब क्रमश: 57 और 60 रुपए पर आ गई है।



