उत्तरप्रदेश

‘मेरे साथ संबंध बनाओ, तुम्हारा भविष्य बना दूंगा!’, गोरखपुर में स्‍कूल प्रबंधक ने छात्रा से की गंदी डिमांड

 गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में गुरु-शिष्‍य परंपरा तार-तार हो गई। इंटरनेट पर सामने आए एक ऑडियो में स्कूल प्रबंधक अपनी छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने की बात कर रहा है। वह इसके बदले छात्रा का भविष्‍य बनाने का वादा कर रहा है। ऑडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।

यह ऑडियो गोला थाना क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल के प्रबंधक और उसी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। ऑडियो में प्रबंधक छात्रा से कहता हुआ सुनाई दे रहा है- तुम मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओ, मैं तुम्हारा भविष्य बना दूंगा। हालांकि छात्रा ऐसा करने से इनकार करती है। वह कहती है- मुझे भविष्य बनाना है लेकिन इन शर्तों पर नहीं, मैं आगे से ऐसा नहीं कर सकती। प्रबंधक छात्रा से कहता है- क्यों नहीं कर सकती। सभी कर रहे हैं तो तुम क्यों नहीं करोगी? मैं तुम्हें शहर में रखूंगा, पढ़ाऊंगा, सारा खर्च उठाऊंगा और तुम्हारा भविष्य बना दूंगा।

क्‍या बोली पुलिस

इस ऑडियो की पुष्टि के लिए पुलिस से बात की गई तो पुलिस शुरू में कुछ भी कहने से बचती रही। पुलिस का कहना था कि ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है और ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इस बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते।

परिजनों ने प्रबंधन पर लगाया परेशान करने का आरोप

शाम होते होते ऑडियो पूरी तरह वायरल हो गया। छात्रा के परिजन स्थानीय गोला थाने पहुंचे और आरोपी प्रबंधक जो छात्रा के ही गांव का रहने वाला है, उसके खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि प्रबंधक पिछले कई दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था। शुरू में छात्रा कुछ भी कहने से बचती रही, लेकिन बाद में उसने बताया। इसी बीच सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल हो गया और बेटी की बदनामी होने लगी।

पास्‍को समेत रेप की धाराओं में केस दर्ज

इस संदर्भ में सीओ गोला दरवेश कुमार का कहना है कि छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पास्को एक्ट सहित रेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई है। दबिश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button