नेपाल में फंसे नागपुर के 106 टूरिस्ट पहुंचे बिहार, महाराष्ट्र CMO ने साझा किया सम्राट चौधरी की तारीफ वाला वीडियो

मुंबई: नेपाल में भयावह विनाशकारी बाढ़ के बाद फंसे महाराष्ट्र के 106 लोग सुरक्षित बिहार पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह गुड न्यूज अपने फेसबुक पेज और एक्स अकाउंट पर साझा की है। महाराष्ट्र के लोगों के बिहार पहुंचने पर राज्य सरकार वहां पर महाराष्ट्र के लोगों के बढ़िया व्यवस्था की। सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र के लोगों को अच्छी सुविधा देने के लिए एक टूरिस्ट का वीडियो भी साझा किया है। जिसमें महाराष्ट्र के व्यक्ति ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तगड़ी तारीफ की है।
सभी टूरिस्ट ट्रेन से पहुंचेंगे नागपुर
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय ने फेसबुक पर लिखा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कोशिशों से नेपाल में बाढ़ के दौरान फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें नागपुर के 106 पर्यटक नेपाल से बिहार पहुंच गए हैं। जहां मुख्यमंत्री कार्यालय ने उनके रहने और खाने-पीने का इंतज़ाम किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय पर्यटकों के लगातार संपर्क में है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए ज़रूरी कदम उठा रहा है। सीएमओ ने बताया है कि ये पर्यटक कल ट्रेन से पटना से नागपुर के लिए रवाना होंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कार्यालय भी उनकी वापसी की यात्रा के लिए ज़रूरी मदद दे रहा है।
टूरिस्ट में महिलाएं ज्यादा संख्या
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय ने एक तस्वीर भी साझा की है। इसमें दिख रहा है कि नेपाल घूमने गए नागपुर के टूरिस्ट में महिलाओं की संख्या अधिक है। महाराष्ट्र सरकार ने शुरुआती आकलन में बताया था कि राज्य के काफी लोग नेपाल बाढ़ त्रासदी के बाद वहां फंसे हैं। सीएम फडणवीस ने कहा था कि जिन लोगों के परिजन और परिचित संपर्क में नहीं है वे सरकार के आपदा व्यवस्थापन विभाग के नंबर पर सूचना प्रदान करें। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा के बीच महाराष्ट्र के किसी भी नागरिक की मौत की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
करीब 400 लोगों के फंसे होने की पुष्टि
नेपाल और तिब्बत के प्रभावित इलाकों में महाराष्ट्र के कुल 395 नागरिकों के फंसे होने की पुष्टि हुई थी। इनमें से अधिकांश लोगों से संपर्क कर लिया गया है। 290 लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। इनमें 106 लोग सुरक्षित अपने घर लौटने के रास्ते में हैं। हालांकि मुंबई की एक टूर कंपनी (रिचा टूर्स) के जरिए गए करीब 60 लोग अभी भी संपर्क से बाहर (लापता/अज्ञात) हैं, जिनकी तलाश और संपर्क करने के प्रयास लगातार जारी हैं।



