कौशिकी अमावस्या से पहले तारापीठ के होटल में आग, 8 श्रद्धालुओं की मौत, पीएम-सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Tarapith Hotel Fire Tragedy: कौशिकी अमावस्या से पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में बड़ा हादसा हो गया. एक चार मंजिला होटल में सुबह-सुबह भीषण आग लग गयी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गयी. हादसे में घायल अन्य लोगों में से 1 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जबकि 34 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी. घटना के समय होटल में कुल 43 लोग ठहरे थे. इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी, बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत तमाम लोगों ने शोक व्यक्त किया है. पीएम और सीएम की ओर से मुआवजे का भी ऐलान किया गया है.
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुई अग्नि दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर अत्यंत दुख हुआ. मैं सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं. इस घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं. -द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति
बाथरूम की छत के रास्ते बाहर निकला एक परिवार
- तड़के 4:30 बजे जब ज्यादातर श्रद्धालु सो रहे थे, तभी ग्राउंड फ्लोर पर रिसेप्शन के पास बिजली के उपकरण में चिंगारी उठने से आग लग गयी.
- होटल में इस्तेमाल की गयी फाइबर और ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैला और धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया.
- खिड़कियां नहीं होने और धुआं के कारण कई मेहमान कमरों में ही फंस गये. कोलकाता से आयी एक महिला ने बताया कि चारों तरफ घना धुआं फैलने से सांस लेना दूभर हो गया था.
- तपनज्योति मंडल ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ करीब 45 मिनट तक बिना खिड़की वाले कमरे में फंसे रहे. बाद में बाथरूम की छत के रास्ते बाहर निकल सके. मेरी मां बेहोश हो गयीं और बहन घायल हो गयीं.
- तारापीठ के होटल में लगी आग में घायल हुए सभी लोगों को तत्काल रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
अग्निशामक उपकरणों के रख-रखाव में लापरवाही के आरोप में पुलिस ने होटल से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. आगामी कौशिकी अमावस्या पर्व पर जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बीरभूम जिला प्रशासन ने तारापीठ के सभी होटलों, लॉज, गेस्ट हाउस और होम-स्टे में बिजली व्यवस्था व फायर सेफ्टी सिस्टम की विशेष जांच का निर्देश दिया है.



