दृष्टिहीनों की आंखें बनेगा यह AI चश्मा, स्मार्ट कैमरे करेंगे पल-पल की मॉनिटरिंग, 100+ भाषाओं का सपोर्ट

नई दिल्लीः जो लोग दृष्टिहीन हैं या किसी कारण देख नहीं सकते हैं, अब वह भी दुनिया देख सकेंगे. दिल्ली की एक कंपनी ने उनके लिए स्मार्ट चश्मा बनाया है. इस चश्मा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए दो कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे हर पल पहनने वाले को सामने के ऑब्जेक्ट के साथ-साथ सारी जानकारी देंगे. पढ़ना लिखना हो तो भी किताब में क्या लिखा है यह कैमरे बता देंगे. यानी ऐसे लोगों के लिए पढ़ना लिखना भी आसान हो जाएगा.
सड़क पर चलना भी आसान हो जाएगा. सामने खड़े हुए व्यक्ति को पहचानना भी आसान हो जाएगा. यह कहना है इस स्मार्ट चश्मे और स्टिक को बनाने वाली कंपनी के सदस्य प्रेम का जोकि दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव में इन दिनों प्रोडक्ट को लेकर के आए हुए थे. उन्होंने बताया कि 2021 में इस प्रोडक्ट के लिए इस कंपनी के फाउंडर को राष्ट्रपति अवॉर्ड भी मिल चुका है.
इतनी है चश्मे की कीमत
कंपनी के सदस्य प्रेम ने बताया कि इस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित स्मार्ट चश्मे की कीमत 15000 रुपए है. उन्होंने बताया कि 100 से ज्यादा भाषा में यह चश्मा काम करता है. इसमें दो बटन लगी हुई है और सामने दो कैमरे लगे हैं. इस चश्मे को पहनने के बाद बटन को ऑन करना होगा. जैसे ही बटन ऑन हो जाएगी तो वह सामने की सारी चीजों को अपने अंदर रिकॉर्ड करेगी. फिर सब कुछ इसे पहनने वाले को रिकॉर्डिंग के जरिए सुनायेगी. यह सब कुछ रियल टाइम पर होगा. इसे मोबाइल से कनेक्ट करना होगा. मोबाइल से कनेक्ट करने के बाद इसका काम करना और भी ज्यादा आसान हो जाएगा.



