चीन ने पार्कों में तैनात किए रोबोट कर्मचारी, सुरक्षा के साथ सफाई भी करेंगे

पीटीआई, बीजिंग। आपने पार्कों के रखरखाव के लिए गार्ड तो सुना होगा, लेकिन चीन के बीजिंग शहर में पार्कों में इनके लिए 72 रोबोट कर्मचारी तैनात किए गए हैं। ये कई तरह के काम करने में सक्षम हैं।
बीजिंग डेली की रिपोर्ट के अनुसार, ये सफाई करना, गश्त लगाना, लोगों को रास्ता दिखाना, कीड़ों का पता लगाना, गाइडेड टूर कराना और लोगों को धूमपान आदि करने पर पार्क के नियमों का पालन करने की याद दिलाने में सक्षम हैं।
ये पार्क में आने वाले लोगों को मच्छरों से भी बचाएंगे। ये स्मार्ट ब्रीदिंग रोबोट इंसान होने का भ्रम पैदाकर मच्छरों को अपनी ओर आकर्षित कर फंसाते हैं, जिससे चुनिंदा इलाकों में मच्छरों की संख्या कम करने में मदद मिलती है।
सेंसर से लैस ये रोबोट अपने आस-पास की चीजों को रियल-टाइम में समझते हैं। सफाई के लिए तैनात किए गए रोबोट कचरे को इकट्ठा करने के साथ ही पानी का छिड़काव करने में सक्षम हैं। कचरे की मात्रा के हिसाब से सफाई की तेजी को भी एडजस्ट कर सकते हैं।
ये पैदल चलने वालों और गाड़ियों से भी खुद-ब-खुद बचकर निकल सकते हैं। पार्कों में स्मार्ट टूर-गाइड रोबोट आने वालों के सवालों का जवाब देते हैं और उन्हें नियम-कानून मानने की याद दिलाते हैं।
10 से अधिक हाई-प्रिसिजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल, सेंसिंग रडार और पहचान करने वाले कैमरों से लैस ये रोबोट धूमपान जैसी गतिविधियों की पहचान कर सकते हैं और पहले से रिकार्ड किए गए मैसेज के जरिए चेतावनी दे सकते हैं।



