दिल्ली-NCR में आज भी जारी रहेगा गर्मी और उमस का सितम, मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में मानसून ब्रेक ने लोगों को उमस भरी गर्मी ने परेशान कर रखा है. दिनभर चिलचिलाती धूप और चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है, लेकिन रात में भी तापमान में गिरावट अपेक्षा से कम होने के कारण लोगों का चैन से रहना कठिन हो गया है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, रविवार के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है. इस दौरान शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
शुक्रवार (17 जुलाई) को पिछले 5 साल में जुलाई की सबसे गर्म रात रही. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा. इससे पहले जुलाई 2021 में न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वहीं, अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा. IMD के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद दिल्ली में तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. इसके अलावा विभाग का पूर्वानुमान है कि 18 और 19 जुलाई को दिल्ली में कुछ जगहों पर गर्मी और उमस बरकरार रहने वाली है, जिसको देखते हुए दोनों दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.
कैसा रहा पिछले 24 घंटों का तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है. हालांकि, अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26-31 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. दिन के दौरान दिल्ली में 20-25 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी हवाएं चलीं.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
IMD के अनुसार, आज शनिवार (18 जुलाई) को आसमान में आमतौर पर बादल छाये रहेंगे. इस दौरान सुबह या दोपहर से पहले कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही सतही हवाएं चलेंगे, जिनकी गति 20-30 किमी/घंटा रहेगी, जो झोंकों के साथ 40 किमी/घंटा तक जा सकती है. कुछ इलाकों में गर्मी और उमस अधिक परेशान करने वाला है.



