महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में लगातार 4 बार भूकंप के झटके! एक ही रात में कई जिलों में कांपी धरती, सहम गए लोग


महाराष्ट्र के परभणी, नांदेड और हिंगोली में फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. यहां एक ही रात में चार बार धरती कांप गई. कई वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि एक ही रात में लगातार चार बार भूकंप दर्ज किया गया. हालांकि, गनीमत रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.

जानकारी के अनुसार, पहला झटका रात 1:37 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई. इसके बाद 2:15 बजे 3.6 रिक्टर स्केल, 2:17 पर 3.9 और 3:23 पर 4.01 रिक्टर स्केल तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए. इन झटकों का असर हिंगोली, नांदेड और परभणी के कई इलाकों में महसूस किया गया.

जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र

पहला भूकंप हिंगोली जिले के वसमत तहसील स्थित पांगरा शिंदे गांव के दक्षिण में आया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. वहीं, दूसरे और तीसरे झटकों का केंद्र पांगरा शिंदे गांव के पश्चिम-उत्तर दिशा में स्थित काकड़धाबा गांव के पास था. इनकी गहराई भी 10 किलोमीटर दर्ज की गई. 

इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को भी इस क्षेत्र में 4.7 रिक्टर स्केल का भूकंप आया था. उसके बाद जुलाई में फिर लगातार झटके महसूस किए गए हैं. हालांकि इस बार किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई स्थानों पर मकानों की दीवारों में दरारें आने और प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं.

भूकंप वाले क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह 

जिला प्रशासन और छत्रपति संभाजीनगर स्थित एमजीएम विज्ञान केंद्र के निदेशक श्रीनिवास एस. औंधकर ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button