छत्तीसगढ़

CG Weather : छत्तीसगढ़ में आज गरज-चमक के साथ होगी बारिश, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसके प्रभाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। आज 25 जून को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। वहीं, बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले दो दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button