NEET 2024 Result: नीट रिजल्ट घोषित,वेद सुनीलकुमार और सैयद आरिफ़िन समेत 67 कैंडिडेट्स को AIR 1 रैंक, कटऑफ में हुई वृद्धि, Direct Link

नई दिल्ली:
NEET UG Result 2024 Declared: मेडिकल एस्पिरेंट्स के लिए बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NEET 2024 Result) ने आज यानी 4 जून को नीट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. इस साल 13.16 लाख बच्चों ने नीट परीक्षा पास की है. नीट यूजी में 67 उम्मीदवार रैंक 1 पाने में सफल रहे हैं, उन्हें 99.997129 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल किया है. इस साल नीट परीक्षा 2024 में जनरल कैटेगरी से महाराष्ट्र के वेद सुनीलकुमार शेंडे (Ved Sunilkumar Shende) टॉप है. दूसरे नंबर पर तमिलनाडु के सैयद आरिफ़िन यूसुफ़ एम (Syed Aarifin Yusuf M) है, ये भी जनरल कैटेगरी से है. तीसरे नंबर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मृदुल मान्या आनंद (ओबीसी -एनसीएल) (Mridul Manya Anand) का नाम है. एनटीए ने नीट यूजी रिजल्ट 2024 की सूचना एक्स पर दी है. इस साल करीब 24 लाख बच्चों ने नीट यूजी यानी मेडिकल की प्रवेश परीक्षा दी है. नीट परीक्षा देने वाले स्टूडेंट आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/NEET के माध्यम से अपने नीट रिजल्ट की जांच कर सकते हैं. नीट यूजी रिजल्ट की जांच के लिए उम्मीदवारों को एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा. नीट यूजी परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए छात्रों को 50 प्रतिशत अंकों की जरूरत होती है. एनटीए ने नीट रिजल्ट 2024 के साथ ही नीट यूजी कट-ऑफ भी जारी किया है. इस साल सभी श्रेणियों के लिए नीट 2024 कटऑफ बढ़ा दी गई है.
इस साल नीट के लिए रजिस्ट्रेशन में 16.85% की वृद्धि हुई है. इस साल परीक्षा के लिए कुल 24,06,079 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि पिछले साल 20.59 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इस साल मेल उम्मीदवारों की संख्या 1029154 जबकि साल 2023 में 889428 थी. नीट परीक्षा में मेल उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन में 15.71 प्रतिशत वृद्धि हुई है. इस साल फीमेल कैंडिडेट्स की संख्या 1376831 रही है, वहीं 2023 में फीमेल उम्मीदवारों की संख्या 1168411 थी. इस साल नीट परीक्षा में फीमेल उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन में 15.71 प्रतिशत वृद्धि हुई है.



