मध्यप्रदेश

रेप की शिकायत, FIR नहीं लिखी, तो शादीशुदा महिला ने खा ली चूहे मार दवा, फिर आई थाने

 ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मुरार थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कराने पहुंची विवाहिता से पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही, जिसपर महिला ने थाने से बाहर आकर चूहा मार दवा खा ली और फिर थाने के अंदर पहुंच गई. महिला की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के मुरार थाने में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक विवाहिता से सिपाही ने जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही. यह सुनकर विवाहिता थाने से बाहर निकली और चूहा मार दवा खाकर थाने पहुंच गई. महिला की तबीयत बिगड़ी, तो आनन-फानन में पुलिस की मदद से उसे मुरार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसका इलाज किया. उसके बाद महिला की हालत में सुधार हुआ. घटना के बाद मुरार पुलिस ने महिला की शिकायत पर तत्काल आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की FIR दर्ज की.

गजेंद्र केवट ने दिया नौकरी का झांसा
महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूलत भिंड जिले की रहने वाली है और अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए मुरार के बंसीपुर में रहने आई थी. यहां उसकी पहचान ऑनलाइन दुकान चलाने वाले गजेंद्र केवट से हुई थी. गजेंद्र केवट उससे फोन पर बातचीत करने लगा और उसके बाद उसे नौकरी का झांसा दिया. साल 2024 में गजेंद्र ने उसके मुरार के किराये के मकान में पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया और नौकरी का झांसा देकर शोषण करने लगा.

दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज
पीड़िता का आरोप है कि गजेंद्र केवट ने उसपर अपने पति से तलाक लेने के लिए दबाव डाला लेकिन विवाहिता ने गजेंद्र से पहले नौकरी लगवाने का वादा पूरा करने की मांग की. इसके बाद गजेंद्र ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. मुरार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

पीड़िता की हालत ठीक: सीएसपी अतुल सोनी
मुरार के सीएसपी अतुल सोनी ने कहा कि थाने में एक महिला आई हुई थी, जिसके द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत की गई है. पीड़िता के आवेदन पर FIR लिखी गई है. थाने में जब वह FIR कराने आई थी, तो स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. अब महिला की हालत ठीक है. उनकी शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button