‘भारत भाग्य विधाता’ की कमाई में संडे को आई तेजी, क्या वसूल पाएगी 45 करोड़ की लागत?

कंगना रनौत की लेटेस्ट रिलीज़ ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में पहुंची थी. इसे कई नई और कुछ हफ्ते पुरानी फिल्मों के साथ मुकाबला करना पड़ रहा है. ऐसे में ‘भारत भाग्य विधाता’ को बॉक्स ऑफ़िस पर पहले दिन से ही कमाई के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. हालांकि फिल्म की कमाई में दूसरे दिन उछाल भी देखा गया. चलिए यहां जानते हैं ‘भारत भाग्य विधाता’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी संडे को कितना कलेक्शन किया है?
‘भारत भाग्य विधाता’ ने तीसरे दिन कितना किया कलेक्शन?
मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी ‘भारत भाग्य विधाता’ 26/11 के हमलों की घटनाओं को उन हेल्थकेयर वर्कर्स के नज़रिए से दिखाती है जिन्होंने मरीज़ों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली थी. कंगना ने न सिर्फ़ इस फ़िल्म में लीड रोल प्ले किया है, बल्कि उन्होंने मणिकर्णिका फ़िल्म्स बैनर के तहत इसे को-प्रोड्यूस भी किया है. इस फिल्म की क्रिटिक्स ने काफी तारीफ की है. लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये कमाई नहीं कर पा रही है.
- इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘भारत भाग्य विधाता’ ने थिएटर्स में अपने तीसरे दिन यानी संडे को 1.80 करोड़ (नेट) की कमाई की है.
- इसी के साथ भारत में इसकी कुल नेट कमाई 4.25 करोड़ हो गई है.
- रविवार के आंकड़े बताते हैं कि फ़िल्म की कमाई में तेजी आई है. दूसरे दिन 1,956 शो के मुकाबले तीसरे दिन इसके शो की संख्या घटकर 1914 रह गई, जबकि कुल ऑक्यूपेंसी लगभग 21% रही.
‘भारत भाग्य विधाता’ के बारे में
26/11 के भयानक मुंबई आतंकी हमलों के बैकग्राउंड पर बनी ‘भारत भाग्य विधाता’ फिल्म मुंबई के कामा अस्पताल के स्टाफ़ की हिम्मत और जज़्बे को दिखाती है. नर्स अंजलि कुल्थे और उनके साथियों की असल ज़िंदगी की बहादुरी से इंस्पायर ये फ़िल्म उन डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों की कहानी है, जिन्होंने शहर में फैले आतंक के बीच मरीज़ों जिनमें गर्भवती महिलाएं, न्यू बॉर्न बेबीज और गंभीर रूप से बीमार लोग शामिल थे की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी थी. फ़िल्म में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं, और उनके साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और ईशा डे भी अहम किरदारों में हैं.
‘भारत भाग्य विधाता’ क्या वसूल पाएगी बजट?
कंगना की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की लागत 45 करोड़ बताई जा रही है. वहीं ये फिल्म रिलीज के तीन दिन बाद भी 5 करोड़ का कलेक्शन भी नहीं कर पाई है. ऐसे में फिल्म के लिए अपनी पूरी लागत तो दूर आधा बजट वसूलना भी नामुमकिन लग रहा है. इस हाल में फिल्म पर अब फ्लॉप होने का खतरा मंडरा रहा है.



