छत्तीसगढ़ में पकड़ाई 50.28 लाख की अवैध शराब, ट्रक के साथ तस्कर भी गिरफ्तार

मोहला मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला मानपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ट्रक से 50 लाख 28 हजार रुपए का शराब जब्त किया है, जिसे मध्यप्रदेश से मोहला मानपुर जिले के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला मानपुर थाना क्षेत्र का है।
SP ने की प्रेसवार्ता
मोहला-मानपुर पुलिस अधीक्षक (SP) यशपाल सिंह ने जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि अवैध शराब परिवहन को लेकर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को मानपुर पुलिस ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कपिल चंद्रा के नेतृत्व में मानपुर के एस डी एम कार्यालय के सामने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र नेशनल हाईवे 930 को जोड़ने वाले स्टेट हाइवे में चैक प्वाइंट लगाया था।
ट्रक छोड़कर भाग रहा था तस्कर
यहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी, तभी जब ट्रक क्रमांक सीजी 15 डी ज़ेड 4515 को रोका गया तो वाहन खड़ी कर चालक भागने लगा। पुलिस जवानों ने दौड़ाकर चालक को पकड़ा, जिसने अपना नाम बलराम सिंह डांगी निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। वहीं उसने बताया कि ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई है।



