मिलेगा चैंपियन, IPL खिताब के लिए RCB और GT में होगी जबरदस्त भिड़ंत

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। ये दोनो टीमें पहले क्वॉलिफायर में भी भिड़ चुकी हैं, जहां आरसीबी ने जीत हासिल की थी। आरसीबी ने वहां से सीधे फाइनल में जगह बनाई, तो वहीं गुजरात दूसरे क्वॉलिफायर में राजस्थान रॉयल्स को मात देने के बाद खिताबी मुकाबले में आई है। दोनों ही टीमें दमदार फॉर्म में हैं और दूसरी बार ट्रॉफी उठाने की तलाश में हैं। जीत के लिए जरूरी है कि दोनों टीमें अपने बेस्ट-11 चुने। यूं तो टीमें अपने विजयी कॉम्बीनेशन में बदलाव नहीं करती हैं, लेकिन गिल एक बदलाव कर सकते हैं। निशांत सिंधू को लगातार गुजरात ने मौका दिया है, लेकिन इस खिलाड़ी ने निराश किया है। उनकी जगह गिल तूफानी फिनिशर शाहरुख खान को मौका दे सकते हैं, जो लंबे-लंबे शॉट्स मार मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं। राहुल तेवतिया और मोहम्मद सिराज को टीम इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है। गिल और सुदर्शन पारी की शुरुआत करेंगे, तो वहीं जोस बटलर तीसरे नंबर पर होंगे। सिंधू के बाहर जाने पर वॉशिंगटन सुंदर चौथे नंबर की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
उनके बाद शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर राशिद खान मध्य और निचले क्रम को मजबूत करेंगे। गेंदबाजी में काफी दारोमदार कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान पर होगा। वहीं, आरसीबी के सामने एक चिंता की बात फिल सॉल्ट की चोट है। इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है कि सॉल्ट मैच फिट हैं या नहीं। अगर वह आते हैं, तो आरसीबी के तूफानी अंदाज में इजाफा होगा। अगर नहीं आते हैं, तो टीम फिर वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली की सलामी जोड़ी पर निर्भर रहेगी। इसके अलावा आरसीबी अपनी प्लेइंग-11 को छेडऩा नहीं चाहेगी। तीसरे नंबर पर देवदत्त पडिक्कल हैं, तो चौथे नंबर पर रजत पाटीदार हैं। मध्य और निचले क्रम में टीम के पास क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा जैसे तूफानी बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी और रासिख सलाम पर जिम्मेदारी रहेगी। टीम रोमारियो शेफर्ड को बतौर इंपैक्ट प्लेयर इस्तेमाल कर सकती है।
फाइनल के लिए रिजर्व-डे
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया था। अच्छी बात यह रही कि क्वालिफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालिफायर-2 में बारिश ने बाधा नहीं डाली। फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है यानी अगर रविवार को बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता है, तो ये सोमवार को खेला जाएगा। रिजर्व डे वाले दिन भी अगर बारिश ने खलल डाली और मैच नहीं हुआ, तो फिर आरसीबी चैंपियन बनेगी, क्योंकि वह अंक तालिका में शीर्ष पर थी, जबकि गुजरात दूसरे स्थान पर रहा था।
गुजरात टाइटंस— शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, शाहरुख खान, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल तेवतिया।
आरसीबी— रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी, रासिख सलाम, रोमारियो शेफर्ड।
रजत की कमान में दूसरी बार फाइनल में आरसीबी
बंगलुरु ओवरऑल पांचवीं बार फाइनल में पहुंची। टीम ने इस सीजन से पहले 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेला था। रजत पाटीदार दूसरे सीजन में टीम की कमान संभाल रहे हैं और दोनों बार टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। लीग स्टेज में बंगलुरु 10 टीमों में पहले स्थान पर रही। कप्तान पाटीदार ने इस सीजन में पांच फिफ्टी लगाई। टीम ने उनकी कप्तानी में गुजरात, दिल्ली और मुंबई को 2-2 बार हराया। वहीं, क्वालिफायर-1 में प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर 254/5 भी बनाया। रजत पाटीदार इस सीजन 14 मैचों में 486 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 196.76 का रहा है।
गिल की कप्तानी में पहला फाइनल खेलेगा गुजरात
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पहली बार गुजरात को आईपीएल फाइनल में पहुंचाया है। उनसे पहले टीम दो बार हार्दिक पांड्या की कप्तानी में 2022 और 2023 के फाइनल में पहुंची थी। टीम पांच साल के भीतर अपना तीसरा फाइनल खेलेगी। गिल की कप्तानी में गुजरात ने लीग स्टेज में 14 में से नौ मुकाबले जीते और प्वाइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह बनाई। क्वॉलिफायर-1 में आरसीबी से हार के बाद टीम ने क्वॉलिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। गिल ने 2026 में 15 मैचों में 722 रन बनाए, जिसमें एक शतक और छह अद्र्धशतक शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 163.71 रहा। कप्तान के रूप में गुजरात को 15 में से 10 मैच जिताए और 66.67 फीसदी विनिंग रेट के साथ फाइनल में जगह बनाई।
लगातार दूसरी बार अहमदाबाद में आईपीएल का फाइनल मुकाबला
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम लगातार दूसरी बार आईपीएल 2026 के फाइनल मैच की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2025 में भी इसी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला गया था, जहां आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। अब एक बार फिर आरसीबी इसी मैदान पर खिताब का बचाव करने उतरेगी।
बल्लेबाजी के अनुकूल नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 फाइनल के लिए पिच रिपोर्ट बल्लेबाजों के अनुकूल रहने की उम्मीद है। यह स्टेडियम सामान्यत: बल्लेबाजों के मददगार विकेट के लिए जाना जाता है। लाल मिट्टी वाली पिच पर गेंद बल्ले पर अच्छी बाउंस और सटीक स्पीड के साथ आती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए आसानी हो जाती है। इस स्टेडियम में औसत पहली पारी का स्कोर 160-180 के आसपास रहता है, जबकि 170+ या 180+ का टोटल प्रतिस्पर्धी माना जाता है। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ मूवमेंट और बाउंस मिल सकता है, जबकि स्पिनर्स को मध्य ओवरों में बड़े बाउंड्री के कारण कुछ मदद मिलती है, लेकिन कुल मिलाकर यह हाई स्कोरिंग मैच हो सकता है। शाम के मैच में ओस का थोड़ा असर हो सकता है, जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। फाइनल के लिए भी इसी तरह की पिच की उम्मीद है, जहां दोनों टीमों के पास बड़ा स्कोर बनाने का मौका रहेगा।



