उत्तरप्रदेश

 प्रॉक्सी सर्वर से SSC ऑनलाइन परीक्षा में धांधली का भंडाफोड़, STF ने 2 अभ्यर्थी समेत 7 को दबोचा

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में धांधली करने वाले एक बड़े गिरोह का एसटीएफ नोएडा यूनिट ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो अभ्यर्थी भी शामिल हैं। आरोपी सीएपीएफ (CAPF), एसएसएफ (SSF) में कॉन्स्टेबल और असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती परीक्षा-2026 में फर्जीवाड़ा कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप, राउटर और परीक्षा से जुड़े कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

प्रॉक्सी सर्वर के जरिए परीक्षा में कराई जा रही थी नकल

एसटीएफ के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर लगाकर तकनीकी तरीके से धांधली कर रहे थे। गिरोह अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोगों को बैठाकर परीक्षा दिलाने और सिस्टम के जरिए नकल कराने का काम कर रहा था। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ नोएडा यूनिट ने कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर छापेमारी की।

बालाजी डिजिटल जोन से हुई गिरफ्तारी

एसटीएफ फील्ड यूनिट की टीम ने शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बोधि तरु इंटरनेशनल स्कूल, नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप चौहान, अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा और अभ्यर्थी शाकिर मलिक व विवेक कुमार के रूप में हुई है।

50 लाख नकद समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 1 राउटर, अभ्यर्थियों की सूची, 2 प्रवेश पत्र और एडूक्यूटी कंपनी की चार एंट्री एवं पहचान पत्र बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इस नेटवर्क से कितने अभ्यर्थी जुड़े थे और यह फर्जीवाड़ा कब से चल रहा था।

परीक्षा केंद्र संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी प्रदीप चौहान ने बताया कि उसने मेरठ कॉलेज से एमकॉम किया है और उसने ‘बालाजी डिजिटल जोन’ नाम से ऑनलाइन परीक्षा केंद्र स्थापित किया था। वर्तमान में कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा एडूक्यूटी कंपनी द्वारा इसी सेंटर पर कराई जा रही थी। अब जांच एजेंसियां परीक्षा केंद्र संचालन और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों की भूमिका भी खंगाल रही हैं।

STF की जांच में खुल सकते हैं बड़े नेटवर्क के राज

एसटीएफ अधिकारियों का मानना है कि यह संगठित गिरोह कई भर्ती परीक्षाओं में धांधली से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button