अंतर्राष्ट्रीय

ट्रंप का ईरान को सख्त संदेश, बोले- ‘होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण, टोल नहीं लगने देंगे’

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर सख्त चेतावनी दी है। गुरुवार (21 मई 2026) को ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका का पूर्ण नियंत्रण है और वे इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को पूरी तरह आजाद रखना चाहते हैं।

ट्रंप ने कहा कि हमारी नाकाबंदी के कारण होर्मुज स्ट्रेट पर हमारा पूरा कब्जा है। यह 100 फीसदी प्रभावी है — लोहे की दीवार की तरह। हम यहां किसी भी तरह का टोल नहीं चाहते। यह एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और हमें इसे स्वतंत्र रखना है।

एनरिच्ड यूरेनियम पर भी सख्ती

ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि अमेरिका ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम हर हाल में हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि ईरान अपने पास ज्यादा एनरिच्ड यूरेनियम नहीं रख सकता। जब यह हमें मिल जाएगा तो हम इसे नष्ट कर सकते हैं। हमें इसकी जरूरत नहीं है, लेकिन हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे।

20 ईरानी नाविक लौटाए

इस बीच, अमेरिका ने एक विवादित घटना के बाद 20 ईरानी नाविकों को वापस ईरान भेज दिया। ये नाविक उस जहाज के थे जिसे अमेरिका ने पहले अपने नियंत्रण में लिया था। नाविक इस्लामाबाद के रास्ते तेहरान पहुंचे।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-ईरान के बीच तनाव जारी है। ईरान पहले ही होर्मुज स्ट्रेट में टोल लगाने या क्षेत्र पर अपना नियंत्रण मजबूत करने के संकेत दे चुका है, जिसका ट्रंप ने साफ विरोध किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button