ईरान-इजरायल युद्ध के बाद शेयर बाजार रिकवरी के दौर में, छोटे निवेशक की कमाई कहां से?

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार इस समय ईरान-इजरायल युद्ध के शुरू होने के बाद से रिकवरी के दौर में है। लेकिन अभी भी बाजार को त्राण नहीं है। इसी सप्ताह देखें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बीते सोमवार को 0.46 फीसदी बढ़ा तो मंगलवार को 0.33 फीसदी लुढ़क गया। बुधवार को इसमें 1.22 फीसदी की तेजी आई तो गुरुवार और शुक्रवार को नीचे चला गया। शुक्रवार, 8 मई 2026 को तो सेंसेक्स में 516 अंक की गिरावट आई। ऐसे में निवेशक कहां निवेश करें, यह लाख टके का सवाल है।
स्मार्ट इन्वेस्टर गिरावट में करते हैं खरीदारी
बाजार के जानकार बताते हैं कि जब भी शेयर बाजार में गिरावट आती है तो वह स्मार्ट इन्वेस्टर्स के लिए खरीद का मौका होता है। लेकिन, शेयर बाजार में निवेश करने वाला हर निवेश तो स्मार्ट होता है नहीं। इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि वे एक्टिव नहीं बल्क पैसिव तरीके से निवेश करें। वे देश की सबसे बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले म्यूचुअल फंड या निफ्टी 50 इंडेक्स फंड के जरिए निवेश कर सकते हैं।
निवेश की दीर्घकालिक रणनीति
निफ्टी 50 इंडेक्स को प्रतिबिंबित करने वाले म्यूचुअल फंड में निवेश करना एक अच्छी दीर्घकालिक रणनीति मानी जाती है। यह भारत की शीर्ष 50 कंपनियों में निवेश का अवसर प्रदान करता है। चूंकि शेयर बाजार धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ रहे हैं, इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव का अनुमान लगाने के बजाय निफ्टी 50 इंडेक्स फंड में निवेश करना चाहिए। यह महत्वपूर्ण है क्योंकि बाजारों में अभी भी अस्थिरता मौजूद है और इन फंडों में निवेश करने वाले निवेशक मध्यम से दीर्घकालिक में अच्छा रिटर्न प्राप्त कर सकते हैं।
क्या है निफ्टी 50 इंडेक्स फंड
निफ्टी 50 इंडेक्स म्यूचुअल फंड कम लागत वाले, पैसिव रूप से प्रबंधित इंडेक्स फंड हैं। यह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्टेड शीर्ष-50 लार्ज-कैप कंपनियों में निवेश करते हैं। ये फंड निफ्टी-50 इंडेक्स के प्रदर्शन को प्रतिबिंबित करते हैं। इन्हें भारत की अग्रणी कंपनियों में पैसिव इक्विटी एक्सपोजर चाहने वाले दीर्घकालिक निवेशकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इन फंडों का रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है और इनका खर्च अनुपात कम होता है, जिससे निवेशकों का शुद्ध रिटर्न बढ़ता है। उदाहरण के लिए निप्पॉन इंडिया इंडेक्स फंड – निफ्टी 50 प्लान को देख सकते है। यह इस श्रेणी में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला फंड है और निफ्टी 50 इंडेक्स फंडों में सबसे कम खर्च अनुपात वाला फंड है। इस फंड का एक्सपेंस रेशियो मात्र 0.07% है, जबकि श्रेणी में यह 0.12% और 0.22% के बीच है। एक्सिस निफ्टी 50 फंड का एक्सपेंस रेशियो 0.17% है। डीएसपी निफ्टी-50 इंडेक्स फंड का एक्सपेंस रेशियो 0.18% है।



