छत्तीसगढ़

Bastar News Update : गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर निकाली रैली… अवैध नल कनेक्शनों पर निगम की सख्ती… हत्या का आरोपी गिरफ्तार… तेन्दूपत्ता फड़ बंद होने पर भड़का विरोध

जगदलपुर :- जगदलपुर सहित जिलेभर में गौ सम्मान आह्वान अभियान तेज हो गया है. प्रबुद्ध नागरिकों, संत समाज और गौ सेवकों ने एकजुट होकर रैली निकाली. तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया. राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र भेजा गया. मुख्य मांग गौवंश को संवैधानिक दर्जा देकर राष्ट्रमाता घोषित करने की रही. गौ तस्करी को गैर जमानती अपराध बनाने की भी मांग उठी. अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव भी रखा गया. हर पंचायत में नंदीशाला और जिले में गौ अभ्यारण्य की मांग की गई. स्कूल पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान शामिल करने की बात कही गई. प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया. संगठनों ने इसे संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय बताया जगदलपुर में यह अभियान चर्चा का विषय बन गया है.

बेरोजगारी का सबसे बड़ा बोझ, नौकरी की राह देख रहे हजारों युवा

कांकेर. बस्तर संभाग में रोजगार संकट गहराता जा रहा है और सबसे ज्यादा असर कांकेर जिले में दिख रहा है. जिले में 60 हजार 319 बेरोजगार युवाओं का नाम रोजगार कार्यालय में दर्ज है. इनमें बड़ी संख्या डिग्रीधारी युवाओं की बताई जा रही है. योग्यता होने के बावजूद युवाओं को अवसर नहीं मिल पा रहे. सरकारी भर्तियां धीमी होने से उम्मीदें कमजोर पड़ी हैं. निजी क्षेत्र में भी भर्ती की रफ्तार बेहद कम है. रोजगार मेले और प्लेसमेंट कैंप भी पहले जैसे सक्रिय नहीं हैं. महिलाएं भी बड़ी संख्या में नौकरी की तलाश में पंजीकृत हैं. कई युवा मजबूरी में छोटे-मोटे काम कर रहे हैं. खाली पदों पर भर्ती नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है. कांकेर में रोजगार बड़ा चुनावी और सामाजिक मुद्दा बनता जा रहा है. युवा अब सिर्फ आश्वासन नहीं, नियुक्ति चाहते हैं.

अवैध नल कनेक्शनों पर निगम की सख्ती, 286 कनेक्शन पकड़े गए

जगदलपुर. नगर निगम जगदलपुर ने पहली बार अवैध नल कनेक्शनों पर बड़ा अभियान चलाया है. 17 फरवरी से शुरू जांच में अब तक 286 अवैध कनेक्शन चिन्हित हुए हैं. इनमें से 204 उपभोक्ताओं ने शुल्क जमा कर कनेक्शन वैध करा लिया. 82 अवैध कनेक्शन सीधे काट दिए गए हैं. निगम ने 30 अप्रैल तक राहत अवधि दी है. इस तारीख तक 5 हजार जमा कर कनेक्शन नियमित कराया जा सकता है. 1 मई के बाद पकड़े जाने पर 14 हजार 200 रुपये देना होगा. शहर में करीब 24 हजार वैध उपभोक्ता नियमित जलकर दे रहे हैं. निगम ने ईमानदार उपभोक्ताओं के हित का हवाला दिया है. पारदर्शी जल वितरण व्यवस्था बनाने की बात कही गई है. बकाया जलकर वसूली भी साथ-साथ जारी रहेगी. अवैध कनेक्शनधारियों में अब हड़कंप मचा हुआ है

जंगल की उपज तीखुर बना कमाई का जरिया, बाजार में बढ़ी मांग

बीजापुर. बीजापुर जिले के गंगालूर और बासागुड़ा क्षेत्र में तीखुर की भरपूर पैदावार होती है. गर्मी के मौसम में इसकी बाजार में भारी मांग रहती है. एक पैयली तीखुर 400 रुपये तक बिक रहा है. साप्ताहिक बाजारों में बड़ी मात्रा में इसकी खरीदी होती है.
व्यापारी ग्रामीणों से सूखा तीखुर खरीदते हैं. बताया जा रहा है कि दोनों बड़े बाजारों में सीजन में 100 क्विंटल तक खरीदी होती है. वन विभाग समर्थन मूल्य पर भी इसकी खरीदी कर रहा है. पिछले साल बीजापुर वनमंडल में 5.47 क्विंटल खरीदी दर्ज हुई थी. तीखुर को आयुर्वेदिक और पोषक फसल माना जाता है. वैज्ञानिक इसे लाभकारी कंदीय फसल बताते हैं. खेती बढ़े तो किसानों की आय में इजाफा संभव है. बीजापुर अब तीखुर उत्पादन का केंद्र बनता दिख रहा है.

सागौन तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई, 7.50 लाख की लकड़ी जब्त

सुकमा. सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में वन विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सिंदूरगुड़ा पंचायत क्षेत्र में अवैध आरा मशीन पर छापा मारा गया. मौके से भारी मात्रा में सागौन लकड़ी बरामद हुई. करीब 6.239 घनमीटर लकड़ी जब्त की गई है. इसकी कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है. मुख्य आरोपी तेलंगाना निवासी बताया जा रहा है. टीम पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया. उसके नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी गई है. कार्रवाई के दौरान स्थानीय विरोध भी सामने आया. इसके बावजूद टीम ने अभियान पूरा किया. वन विभाग ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की बात कही है. सुकमा में लकड़ी तस्करों पर दबाव बढ़ गया है.

तेन्दूपत्ता फड़ बंद होने पर भड़का विरोध, आदिवासियों की कमाई पर संकट

सुकमा. सुकमा जिले में तेन्दूपत्ता सीजन शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया है. कई फड़ों में महज तीन दिन खरीदी के बाद ताले लगा दिए गए. हजारों ग्रामीण जंगल से पत्ता तोड़कर ला चुके हैं. अब पत्ता सूखने और खराब होने का खतरा मंडरा रहा है. बस्तरिया राज मोर्चा ने कलेक्टर और डीएफओ को ज्ञापन सौंपा. संगठन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है. इस साल 1 लाख 8 हजार मानक बोरा खरीदी का लक्ष्य है. अब तक केवल 25 हजार मानक बोरा आवक बताई गई है. ऐसे में फड़ बंद करने पर सवाल उठ रहे हैं. मोर्चा ने खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग की है. जब तक पत्ता शेष रहे, फड़ खुले रखने की मांग दोहराई गई. आदिवासी परिवारों की सालाना कमाई पर संकट गहरा गया है.

पुरानी रंजिश में हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर. नारायणपुर जिले के एडका थाना क्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्राम बंडापाल आमापारा में युवक की हत्या की गई थी. पुलिस ने आरोपी बुधुराम पोटाई को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल किया. हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली गई है. मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है. मक्का बाड़ी में वारदात को अंजाम दिया गया. कुदाल से हमला करने पर मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज हुआ है. पुलिस आगे की विवेचना कर रही है. क्षेत्र में घटना के बाद दहशत का माहौल है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button