रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु और गुजरात टाइटंस चिन्नास्वामी में होगी भिड़ंत

एजेंसियां— बंगलुरु, रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीमें शुक्रवार को आईपीएल मैच में आमने-सामने होंगी, जहां दोनों का लक्ष्य बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन करना है। चिन्नास्वामी की थोड़ी धीमी पिच पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में आरसीबी के बल्लेबाज नहीं चल पाए थे, जिससे टीम को छह विकेट से हार मिली थी। यह आरसीबी की इस सीजन में दूसरी हार थी, जिससे वह शीर्ष चार में अपनी जगह मजबूत करने का मौका गंवा बैठी। रॉयल बैंगलुरु के पास आठ अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। उसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (8 अंक), दिल्ली कैपिटल्स और टाइटंस (6-6 अंक) हैं। मौजूदा चैंपियन आरसीबी को पता है कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ कमजोर प्रदर्शन से उसकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि अब उसे ज्यादातर मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेलने हैं। वह अपने दो घरेलू मैच भी रायपुर में खेलेगा।
आरसीबी अब चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत हासिल करके अपने फैंस को शानदार विदाई देना चाहेगा, लेकिन इसके लिए उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा और मुश्किल हालात में भी बड़ा स्कोर बनाने का तरीका ढूंढना होगा। वहीं, गुजरात टाइटंस भी अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से परेशान है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में उसकी पूरी टीम 100 रन पर आउट हो गई थी और उसे 99 रन से हार मिली थी। इससे उसके नेट रन रेट पर भी असर पड़ा है। कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने कुछ हद तक अच्छा खेल दिखाया है, लेकिन बी साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स और राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी अभी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए हैं। गुजरात टाइटंस के पास प्रसिद्ध कृष्णा, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और राशिद खान जैसे अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन उन्हें बल्लेबाजों से पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है।



