हैदराबाद के आतिशी तेवर और सैमसन की स्थिरता के बीच होगा मुकाबला

हैदराबाद। आईपीएल का 21वां मुकाबला जोरदार होने वाला है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में दो बैटिंग पॉवर हाउस सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। राजस्थान इस सीजन की सबसे सफल और अजेय टीम है। चार मुकाबले जीतकर रॉयल्स फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है। दूसरी तरफ अच्छी बल्लेबाजी करने के बावजूद हैदराबाद उसे जीत में नहीं बदल पा रही है। हैदराबाद का यह पांचवां मुकाबला होगा, लेकिन अब तक केवल एक मैच में उसे जीत मिली है।
फैंस के लिए यह मुकाबला किसी ट्रीट से कम नहीं होने वाला, क्योंकि एक तरफ उन्हें वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिलेगी, तो सामने की टीम में अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज हैं, जो किसी भी गेंदबाज को निशाना आसानी से बना सकते हैं। अभिषेक की कोशिश होगी कि वैभव से आगे निकला जाए और इस क्रम में फैंस का एंटरटेन होना तय है।


