अनियंत्रित होकर पलटी बस, मची चीख-पुकार, Mathura पुलिस ने शीशे तोड़कर निकाला बाहर… बाल-बाल बचे 72 यात्री

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा टल गया। नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 72 यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस की सूझबूझ और फुर्ती ने एक बड़ी त्रासदी को होने से रोक लिया।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 12 अप्रैल की शाम करीब 7:36 बजे की है। बस (नंबर: BR02PC2291) यात्रियों को लेकर नोएडा से दरभंगा के लिए निकली थी। जैसे ही बस नौहझील क्षेत्र के माइलस्टोन 76 के पास पहुंची, ड्राइवर ने अचानक संतुलन खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर ही पलट गई।
शीशे तोड़कर बचाई जान
बस पलटने के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। दरवाजे बंद होने की वजह से यात्री अंदर ही फंस गए थे। सूचना मिलते ही नौहझील पुलिस और पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिसके बाद मामूली चोटिल यात्रियों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौहझील भेजा गया।वहीं चमत्कारिक रूप से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जाम से मिली राहत
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे की एक लेन पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी। पुलिस ने तुरंत क्रेन बुलाई और बस को हटाकर रास्ता साफ कराया। करीब एक घंटे बाद यातायात फिर से शुरू हो सका। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के अनुसार, अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और यात्रियों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस का इंतजाम किया जा रहा है।



