
IND vs NZ Final LIVE Score, T20 World Cup Today Match Updates: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
Live Cricket Score Today, IND vs NZ Final T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीम आमने-सामने हैं। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था, जबकि भारत ने इंग्लैंड को शिकस्त देकर फाइनल में एंट्री मारी। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया अपना टाइटल डिफेंड करना चाहेगी, तो कीवी टीम पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाना चाहेगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान टीम इंडिया का दबदबा रहा है। मेन इन ब्लू ने 18 मैचों में जीत हासिल की है, जिसमें दो सुपर ओवर की जीत शामिल है। कीवियों ने 11 मुकाबलों में बाजी मारी है, जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका है। अगर टी20 वर्ल्ड कप की बात करें, तो दोनों के बीच 3 मुकाबले खेले गए हैं और भारत को तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
भारत की पारी
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रन का लक्ष्य रखा था।। इस मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत एक समय 300 रन बनाती हुई दिख रही थी, लेकिन 16वें ओवर में नीशम ने तीन झटके दिए और इससे रन गति धीमी पड़ गई। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। इस ओवर में एक रन बना। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी यानी 20वें ओवर में 24 रन बटोरे।
भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की और फाइनल में उनका बल्ला चला। उन्होंने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली।
हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला। भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्वकप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने खुद का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 176 रन बनाए थे।



