सेमीफाइनल का फीवर…काले बाजारियों की बल्ले-बल्ले…४० हजार रुपए का टिकट साढ़े तीन लाख में!..

मुंबई, आज वानखेडे स्टेडियम में टी-२० विश्व कप का दूसरे सेमीफाइनल टीम इंडिया और इंग्लैंड की टक्कर है। इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हर कोई मैच देखना चाह रहा है, पर टिकट है कि मिल ही नहीं रहा। दूसरी तरफ काले बाजारियों की बल्ले-बल्ले हो गई है। २५ से ३० गुने ज्यादा दाम पर टिकट दिलाने का दावा किया जा रहा है। कॉर्पोरेट बॉक्स के टिकट की कीमत ४० हजार रुपए है, पर काले बाजार में इसके साढ़े तीन लाख में मिलने का दावा किया जा रहा है। लोग इस बारे में सोशल मीडिया पर चर्चा भी कर रहे हैं।
बता दें कि आधिकारिक वेबसाइटों पर मैच के टिकट कुछ ही मिनटों में समाप्त हो गए, जिसके बाद वैकल्पिक स्थानों में टिकटों की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। कई जगह सेमीफाइनल के टिकट आधिकारिक दर से २५ से ३० गुना तक महंगे बेचे जाने की खबरें हैं।
सिर्फ असली वेबसाइट से ही खरीदो टिकट!
आज वानखेडे स्टेडियम में सेमीफानल का मैच है। मगर आम लोगों के लिए टिकटों का टोटा हो गया है। आयोजकों द्वारा नॉकआउट चरण के लिए टिकट दरें आम दर्शकों को ध्यान में रखकर तय की गई थीं, लेकिन मांग कई गुना अधिक होने के कारण टिकटों के दलाल सक्रिय हो गए।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दलाल स्वचालित सॉफ्टवेयर के माध्यम से बड़ी संख्या में टिकट खरीदकर कृत्रिम कमी पैदा कर रहे हैं। इसके बाद वही टिकट कई गुना अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं। साइबर अपराधी इस अवसर का लाभ उठाने में पीछे नहीं हैं। कई नकली वेबसाइटें आधिकारिक पोर्टल जैसी दिखती हैं और लोगों से अग्रिम भुगतान की मांग करती हैं। विशेषज्ञों ने दर्शकों को सचेत करते हुए कहा है कि केवल आधिकारिक पोर्टल से ही टिकट खरीदें। जबकि आधिकारिक पोर्टल पर कोई टिकट उपलब्ध ही नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि संदिग्ध वेबसाइटों से दूर रहें। किसी भी व्यक्ति को अग्रिम धनराशि डिजिटल माध्यम से न भेजें। वैध टिकट में क्यूआर कोड होता है, स्थिर चित्र या स्क्रीनशॉट स्वीकार न करें।
भुगतान होते ही फर्जी खाते बंद
भुगतान होते ही कई फर्जी खाते बंद कर दिए जाते हैं और खरीदार ठगी का शिकार हो जाते हैं। आयोजक समय-समय पर प्रायोजकों द्वारा लौटाए गए टिकटों का अंतिम चरण में पुन: निर्गमन करती है। इसलिए दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे धैर्य रखें और केवल आधिकारिक घोषणा पर भरोसा करें। भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला हमेशा से रोमांचक रहा है, लेकिन उत्साह में आकर जोखिम उठाना भारी पड़ सकता है। सेमीफाइनल का जोश कहीं आर्थिक नुकसान में न बदल जाए, इसके लिए सतर्क रहना ही समझदारी है।
आधी रात तक चलेगी ‘एक्वा’
आज होने वाले मैच के लिए ‘एक्वा’ लाइन मेट्रो के समय में बदलाव किया गया है। एमएमआरसी ने एलान किया है कि एक्वा लाइन-३ की सेवाएं आधी रात तक चलाई जाएंगी।



