लखनऊ, आगरा सहित कई जिलों में बढ़ेगा तापमान, नोएडा में आंधी अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फरवरी के अंतिम दिनों में ही मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अब दिन के समय तेज धूप और बढ़ती गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि कुछ जिलों में सुबह के समय हल्की ठंड का असर रहेगा।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह रहेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिन जिलों में सुबह हल्की ठंड बनी रहेगी उनमें सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर और बरेली शामिल हैं। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होगी और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
लखनऊ में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा
राजधानी लखनऊ में गर्मी का असर अब साफ दिखने लगा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 25 फरवरी को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रहेगा। दिन में तेज धूप निकलेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी।
कानपुर और इटावा में दोपहर की गर्मी करेगी परेशान
कानपुर के आसपास के जिलों में तापमान में बढ़ोतरी जारी है। दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं इटावा में बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है। हवाएं उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 6 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार
प्रदेश के कई जिलों में फरवरी में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। इनमें प्रयागराज, आगरा, झांसी, वाराणसी और सुल्तानपुर शामिल हैं। इससे साफ है कि इस बार प्रदेश में गर्मी सामान्य से पहले दस्तक दे रही है।
नोएडा में आंधी का अलर्ट
नोएडा में दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 25 और 26 फरवरी को तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। हालांकि बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। 26 फरवरी तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अनुमान है कि मार्च की शुरुआत से भीषण गर्मी का असर दिखने लगेगा।



