यूक्रेन युद्ध की चौथी बरसी: UN में तत्काल युद्धविराम का प्रस्ताव पारित; भारत सहित 51 देशों ने बनाई दूरी

पीटीआई, संयुक्त राष्ट्र। रूस-यूक्रेन युद्ध की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण मसौदा प्रस्ताव ‘यूक्रेन में स्थायी शांति के लिए समर्थन’ अपनाया गया। इस प्रस्ताव में रूस और यूक्रेन के बीच तत्काल, पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम का आह्वान किया गया था।
193 सदस्यीय महासभा में हुए इस मतदान में 107 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में वोट दिया, जबकि रूस और बेलारूस सहित 12 देशों ने इसका विरोध किया। वहीं, भारत सहित 51 देशों ने मतदान से परहेज किया।
मतदान से दूरी बनाने वाले प्रमुख देशों में बहरीन, बांग्लादेश, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और दिलचस्प रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका भी शामिल रहे।
इस प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप व्यापक, न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के लिए अपनी अपील को दोहराया गया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस युद्ध को “सामूहिक चेतना पर एक कलंक” बताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुरूप न्यायपूर्ण शांति की अपील की है। हालांकि यह प्रस्ताव कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है, लेकिन यह वैश्विक जनमत के बढ़ते दबाव को दर्शाता है।



